भारत में त्योहारों और धार्मिक अवसरों पर पर लोग उपवास भी रखते हैं। इस समय पूरे देश में सावन के पवित्र महीने की धूम है। वैसे तो पूरे माह चलने वाले सावन का विशेष महत्व है लेकिन सोमवार के दिन महादेव की खास तरह से पूजा-पाठ और आराधना की जाती है। इस दिन भक्त सुबह-सुबह शिवालय में जलाभिषेक और रुद्राभिषेक करते हैं। शिवलिंग पर जल चढ़ाने के साथ ही विधिवत पूजा-पाठ करते हैं। इसके साथ ही सोमवार के दिन कई शिव उपासक व्रत भी रखते हैं। व्रत के सबसे अधिक खाए जाने वाले खाद्य पदार्थों में से एक साबूदाना भी है।

उपवास में साबूदाने की टिक्की, खीर, पापड़ और अन्य कई तरह के व्यंजन बनते हैं। लेकिन कई बार लोग एक ही तरह का खाना खाकर बोर हो जाते हैं। ऐसे में आप साबूदाना की जगह शकरकंद की क्रिस्पी टिक्की ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाना भी ज्यादा कठिन काम नहीं है। आइए जानते हैं घर पर उपवास के लिए किस तरह से शकरकंद की टिक्की बनाएं।

क्रिस्पी शकरकंद टिक्की की सामग्री

  • 2-3 मध्यम आकार के शकरकंद
  • 2 बड़े चम्मच कुट्टू या सिंघाड़े का आटा
  • 1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
  • 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया अदरक
  • आधा छोटा चम्मच जीरा
  • आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर (अगर उपवास में खाते हैं)
  • आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर
  • स्वादानुसार सेंधा नमक
  • 1-2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
  • 1-2 बड़े चम्मच कुटी हुई मूंगफली
  • सेंकने के लिए घी

क्रिस्पी टिक्की बनाने का आसान तरीका

सबसे पहले शकरकंद को अच्छी तरह बहते पानी में धोकर कुकर या पैन में नरम होने तक उबाल लें। उबलने के बाद इन्हें ठंडा करें और छिलका उतार दें। इसके बाद शकरकंद को अच्छी तरह मैश कर लें।

मैश किए हुए शकरकंद में कुट्टू या सिंघाड़े का आटा, हरी मिर्च, अदरक, जीरा, जीरा पाउडर, सेंधा नमक, कुटी हुई मूंगफली और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह से नरम आटा जैसा मिश्रण तैयार कर लें।

अब मिश्रण से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा लेकर गोल लोई बनाएं और फिर हथेली से हल्का दबाकर टिक्की का आकार दे दें। इसी तरह सारी टिक्कियों को तैयार कर एक बड़े प्लेट में रखते जाएं।

अब नॉन-स्टिक या भारी तले का तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा घी डालें। घी गर्म होने के बाद तवे पर टिक्कियां रख दें। इन्हें मध्यम आंच पर दोनों तरफ से कुरकुरी और सुनहरी होने तक सेंक लें। ध्यान रखें टिक्कियों को पलटते समय हल्के हाथ से उठाएं, वरना ये टूट सकते हैं।

आपकी गरमागरम शकरकंद की टिक्की तैयार है। अब आप इसे हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं।

यह भी पढ़ें
व्रत में खाएं कुछ हेल्दी और क्रिस्पी, इस तरह बनाएं कच्चे केले का कटलेट