Skin Care/ Face Mask for Tight and Bright Skin : उम्र बढ़ने के साथ-साथ हमारे चेहरे की स्किन ढीली पड़ने लगती है। साथ ही चेहरे का रंग भी कम होने लग जाता है। इससे हमारा चेहरे का नूर खोता चला जाता है। कई बार हम अपने चेहरे की बिगड़ती हालत को देखते हुए शीशा देखना भी छोड़ देते हैं। लेकिन आपको यह समझना चाहिए कि यह समय निराश होकर बैठने का नहीं है बल्कि अपने चेहरे पर और ज्यादा ध्यान देने का है। आपकी स्किन को टाइट और ब्राइट बनाने के लिए फेस मास्क बहुत कारगर साबित होते हैं। इन्हें हफ्ते में एक-दो बार जरूर इस्तेमाल करना चाहिए।
एलोवेरा का है जादुई असर
एलोवेरा को स्किन के लिए बहुत अच्छा माना गया है। इसके कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होते हैं। दो चम्मच एलोवेरा जेल में आधा चम्मच शहद और एक चुटकी हल्दी पाउडर मिलाकर पेस्ट बना लें। अब चेहरे को अच्छी तरफ साफ कर सूती कपड़े से चेहरे का सारा पानी हटा लें। फिर इस पेस्ट को अपने पूरे चेहरे पर लगाएं। 20 मिनट बाद गुनगुने पानी से चेहरा धोएं। इसे हफ्ते में एक-दो बार लगाने से चेहरे की स्किन टाइट हो जाती है। साथ ही स्किन की सॉफ्टनेस भी बनी रहती है।
स्किन के लिए फायदेमंद है दही
कहते हैं कि दही लगाने से चेहरे पर नूर आता है। लेकिन आपको बता दें कि दही स्किन टाइटनिंग के लिए बहुत खास मानी जाती है। तीन से चार चम्मच दही में एक चुटकी हल्दी पाउडर और आधा नींबू मिलाएं। साथ में इसमें एक चुटकी नमक भी मिलाएं। नमक स्किन से सारी गंदगी बाहर निकालता है। इन सबको मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। हर हफ्ते इसे अपने चेहरे को साफ कर लगाएं। तीन से चार हफ्तों में आपका चेहरा खिल उठेगा। इस पेस्ट को बनाते समय यह ध्यान रखें कि हल्दी पाउडर बहुत ज्यादा नहीं मिलाना है क्योंकि हल्दी गर्म होती है। इससे आपके चेहरे पर पिंपल्स भी आ सकते हैं।
ग्लिसरीन है रामबाण
ग्लिसरीन को चेहरे के लिए अमृत माना जाता है। इसे चेहरे पर लगाने से चेहरे पर सोने सा दमकता निखार आता है। इसका मास्क बनाने के लिए एक छोटा चम्मच ग्लिसरीन लें। उसमें आधा चम्मच नींबू का रस मिलाएं। साथ में दो बूंद गुलाबजल मिलाकर साफ चेहरे पर कॉटन की मदद से पूरे चेहरे पर लगाएं। ये मास्क पूरी रात अपने चेहरे पर लगाकर सोएं। सुबह उठकर साफ पानी से मुंह धोएं। इसके इस्तेमाल के बाद 4 से 5 घंटे साबुन का इस्तेमाल न करें। यह मास्क स्किन को टाइट के साथ-साथ ब्राइट भी बनाता है। इसे जरूर ट्राय करना चाहिए।