स्किन केयर करने और महंगे-महंगे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने के बाद भी अगर आपकी त्वचा बार-बार रूखी हो जाती है। बेजान दिखती है या फिर संवेदनशील है तो जरा इस पर गौर कीजिए। कई बार हमारी रोजमर्रा की कुछ छोटी-छोटी आदतें ही स्किन बैरियर को नुकसान पहुंचाने लगती हैं। स्किन बैरियर कमजोर होने पर त्वचा अपनी प्राकृतिक नमी खोने लगती है।
इतना ही नहीं त्वचा में जलन, लालपन व ड्राइनेस जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आखिर स्किन बैरियर क्या होता है और हमारी कौन सी ऐसी आदतें हैं जो इसे नुकसान पहुंचा सकती हैं। हर बार नई क्रीम या सीरम खरीदना ही खूबसूरत त्वचा की गारंटी नहीं है। कई बार आपकी अपनी रोजमर्रा की आदतें ही त्वचा की सुरक्षा परत यानी स्किन बैरियर को कमजोर कर देती हैं।
क्या होता है स्किन बैरियर?
सबसे पहले तो समझिए कि स्किन बैरियर (Skin Barrier) होता क्या है, तो इसे ऐसे समझें कि यह त्वचा की सबसे बाहरी परत (Stratum Corneum) होती है। इसे त्वचा की सुरक्षा कवच भी कहा जाता है। यह त्वचा के अंदर नमी (Moisture) बनाए रखने में मदद करती है। धूल, प्रदूषण, बैक्टीरिया, एलर्जी पैदा करने वाले तत्व और हानिकारक केमिकल्स से त्वचा की रक्षा करती है। स्वस्थ स्किन बैरियर त्वचा को मुलायम, चमकदार और कम संवेदनशील बनाए रखता है।
अब जानें स्किन बैरियर खराब होने के संकेत
त्वचा में बार-बार रूखापन महसूस होना।
चेहरा धोने के बाद खिंचाव लगना।
हल्का-सा स्किनकेयर लगाने पर भी जलन होना।
लालपन (Redness) बढ़ना।
त्वचा का छिलना या पपड़ी पड़ना।
खुजली या बार-बार जलन होना।
पहले से ज्यादा संवेदनशील महसूस होना।
ये आदतें पहुंचा सकती हैं स्किन बैरियर को नुकसान
बार-बार फेस वॉश करना
दिन में कई बार चेहरा धोने से त्वचा का प्राकृतिक तेल (Natural Oil) निकल जाता है। इससे स्किन बैरियर कमजोर हो सकता है। बहुत गर्म पानी से चेहरा धोना भी नुकसान पहुंचा सकता है।
जरूरत से ज्यादा स्क्रब या एक्सफोलिएशन करना
जो लोग जरूरत से ज्यादा स्किन को स्क्रब करते हैं या फिर बार-बार केमिकल एक्सफोलिएंट इस्तेमाल करते हैं उनके त्वचा की ऊपरी परत को नुकसान हो सकता है। इससे त्वचा में जलन और लालपन बढ़ सकता है।
एक साथ बहुत सारे एक्टिव स्किनकेयर प्रोडक्ट इस्तेमाल करना
रेटिनॉल, विटामिन C, सैलिसिलिक एसिड और ग्लायकोलिक एसिड जैसे एक्टिव्स को बिना समझे एक ही रूटीन में शामिल करना हर किसी की त्वचा के लिए सही नहीं होता। इससे त्वचा में जलन, रूखापन और संवेदनशीलता बढ़ सकती है।
सनस्क्रीन न लगाना
UV किरणें धीरे-धीरे स्किन बैरियर को कमजोर कर सकती हैं। धूप से त्वचा में सूजन, ड्राइनेस और समय से पहले एजिंग बढ़ सकती है। इसलिए केवल गर्मियों में ही नहीं, रोज सनस्क्रीन लगाने की सलाह दी जाती है।
Skin Barrier को मजबूत कैसे रखें?
हल्के (Gentle) फेस वॉश का इस्तेमाल करें। रोज मॉइस्चराइजर लगाएं। सनस्क्रीन को डेली रूटीन का हिस्सा बनाएं। जरूरत से ज्यादा स्क्रब न करें। एक साथ कई एक्टिव स्किनकेयर प्रोडक्ट न लगाएं। पर्याप्त पानी पिएं। संतुलित आहार लें और अच्छी नींद लें।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी स्किनकेयर प्रोडक्ट या उपचार को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित है।
