किचन और बाथरूम की सफाई करते समय अक्सर हम सिंक, स्लैब और वॉश बेसिन को तो साफ कर देते हैं, लेकिन उसकी नाली और ड्रेन पाइप की सफाई पर ध्यान नहीं देते हैं। इन्हें साफ करना कई बार आफत भरा काम लगता है। ऐसे में कई बार इनके पाइप से कॉकरोच और छोटे-छोटे कीड़े बाहर आने लगते हैं।
खासकर रात में ये कीड़े और कॉकरोच नाली से बाहर निकलकर घूमने लगते हैं। अगर आपके घर में भी ऐसा होता है, तो कुछ आसान घरेलू उपाय और रात में अपनाई जाने वाली छोटी-छोटी आदतें इस समस्या को कम करने में मदद कर सकती हैं। आइए जानें इसके बारे में।
वॉश बेसिन और सिंक की नाली से क्यों निकलते हैं कीड़े और कॉकरोच?
किचन सिंक में बर्तन धोते समय खाने के छोटे टुकड़े, तेल, चिकनाई की चीजें धीरे-धीरे पाइप में जमने लगते हैं। खासकर सिंक के नीचे लगे घुमावदार पाइप (P-Trap) और वॉश बेसिन के ड्रेन की अंदरूनी दीवारों पर गंदगी की परत जम सकती है। यही छोटे कीड़ों पनपने की वजह बन सकता है। वहीं कॉकरोच खाने की तलाश में पाइप के आसपास की दरारों और अन्य रास्तों से किचन तक पहुंच सकते हैं। अगर सिंक या वॉश बेसिन के आसपास हमेशा नमी रहती है या पाइप में लीकेज है, तो यह समस्या और बढ़ सकती है।
रात में सोने से पहले करें बेकिंग सोडा और सिरके का इस्तेमाल
सिंक या वॉश बेसिन के पाइप और नाली में जमा चिकनाई और गंदगी साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले सिंक में मौजूद खाने के टुकड़ों और दूसरी गंदगी को निकाल दें। अब नाली के छेद में करीब आधा कप बेकिंग सोडा डालें। इसके ऊपर धीरे-धीरे आधा से एक कप सफेद सिरका डालें। कुछ देर झाग बनने दें। इसके बाद गुनगुने पानी से नाली को अच्छी तरह धो दें।
डिशवॉश लिक्विड और गर्म पानी से साफ करें पाइप
पाइप को साफ करने के लिए आप यह तरीका भी आजमा सकते हैं। इसके लिए आपको डिशवॉश लिक्विड की जरूरत होगी। सबसे पहले सिंक के छेद में थोड़ा डिशवॉश लिक्विड डालें। फिर कुछ देर बाद सामान्य गर्म पानी धीरे-धीरे नाली में डालें। इससे पाइप में जमा चिकनाई ढीली करने और उसे बहाने में मदद मिल सकती है।
नाली के जाली वाले हिस्से की सफाई जरूर करें
कई बार कीड़े सिंक की नाली के अंदर जमा गंदगी और खाने के छोटे टुकड़ों की वजह से पनपते हैं। ऐसे में सिर्फ पानी डालना काफी नहीं होता। सिंक या वॉश बेसिन में लगी जाली या स्ट्रेनर को निकालें। इसमें फंसे खाने के टुकड़ों, चिकनाई या गंदगी को साफ करें। पुराने टूथब्रश या ड्रेन क्लीनिंग ब्रश की मदद से नाली के अंदरूनी हिस्से को रगड़कर साफ करें। इसके बाद पानी से अच्छी तरह धो दें।
रात में सिंक को ढककर सोएं
अगर आपके किचन सिंक की नाली से छोटे कीड़े या कॉकरोच बाहर निकलते हैं, तो रात में सोने से पहले नाली पर अच्छी फिटिंग वाला ड्रेन कवर या महीन जाली लगा दें। इससे नाली से कीड़ों के बाहर आने की संभावना कम हो सकती है।
रात में सोने से पहले जरूर करें ये 5 काम
किचन में कीड़े और कॉकरोच की समस्या से बचने के लिए रोजाना सोने से पहले ये काम करने की आदत डालें। सिंक में पड़े जूठे बर्तनों और खाने के टुकड़ों को साफ कर दें। सिंक और स्लैब को पोंछकर सूखा रखें। किचन का कचरा ढक्कन वाले डस्टबिन में रखें और उसे नियमित रूप से खाली करें। वॉश बेसिन में नाली में लगी जाली को साफ करके वापस लगा दें। सिंक के नीचे और आसपास पानी जमा न होने दें।
