बेडरूम, किचन, लिविंग रूम और बालकनी की सजावट पर खास ध्यान दिया जाता है। यह घर के वो हिस्से होते हैं, जिन पर सदस्यों की ही नहीं बल्कि मेहमानों की भी सबसे पहले नजर पड़ती है। हालांकि घर में कुछ ऐसी भी जगहें होती हैं, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है। ये हिस्से घर में अहम भूमिका निभाते हैं और सजावट के बाद लुक में चार-चांद लगा सकते हैं। दरअसल हम बात कर रहे हैं सीढ़ियों की। इसकी सजावट को लेकर हम अक्सर कंफ्यूज रहते हैं कि इसे कैसे सजाया जाए।
अगर आप भी घर की सीढ़ियों के हिस्से को सजाना चाहते हैं, तो यहां बताए गए तरीकों की मदद ले सकते हैं। इनसे सीढ़ियों को आकर्षक और स्टाइलिश बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि सजावट के इन तरीकों को आसानी से अपनाया जा सकता है, जिसके लिए आपको ज्यादा बजट की जरूरत नहीं होगी। आइए, जानते हैं सीढ़ियों को सजाने के तरीके।
सीढ़ियों का कालीन
अंदर सीढ़ियां बनी हैं, तो उन्हें सजाकर आप पूरे घर को रॉयल और एलिगेंट लुक दिया जा सकता है। इसके लिए सबसे बेहतर तरीका सीढ़ियों के लिए कालीन का इस्तेमाल करना है। सीढ़ियों को सजाने के लिए आप टेक्सचर कालीन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे सीढ़ियों पर बिछाकर घर को आकर्षक और शानदार बनाया जा सकता है। इसके लिए कालीन डिजाइन को फर्नीचर और घर के इंटीरियर के अनुसार चुन सकते हैं।
वॉल लाइटिंग और लैंप
सीढ़ियों को सजाने से घर का लुक भी बदल सकता है। अक्सर हम इस जगह को यूं ही छोड़ देते हैं, जिसकी वजह से लुक बोरिंग लग सकता है। इस जगह को सजाने के लिए आप वॉल लाइटिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे सीढ़ियां जीवंत लग सकती हैं। इसके अलावा आप छोटे-छोटे लैंप लगा सकते हैं। यह भी दिखने में आकर्षक और स्टाइलिश लगते हैं।
स्टेटमेंट पीस
सीढ़ियों को हटके और यूनिक लुक देने के लिए स्टेटमेंट पीस का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह घर की सजावट में चार चांद लगा सकता है। इसे आप सीढ़ियों के बीच वाले हिस्से पर रख सकते हैं। आजकल मार्केट में तरह-तरह के सजावटी चीजें मिलने लगी हैं, जिन्हें आप घर की सजावट के अनुसार खरीद सकते हैं।

हरियाली जोड़ें
घर के अंदर माहौल को खुशनूमा और शांत रखने के लिए हरियाली जोड़ सकते हैं। सीढ़ियों के किनारों पर छोटे-छोटे इंडोर प्लांट्स लगाए जा सकते हैं। इससे सीढ़ियां काफी सुंदर लगती हैं और घर की सजावट में भी चार चांद लग सकते हैं। मनी प्लांट, स्नेक प्लांट या सक्यूलेंट प्लांट को रखना बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
रेलिंग सजाने के लिए गारलैंड का इस्तेमाल
सीढ़ियों को आकर्षक और स्टाइलिश बनाने के लिए त्योहारों या मौके के अनुसार सजावट की जा सकती है। इसके लिए सीढ़ियों की रेलिंग पर गारलैंड लगा सकते हैं। साथ ही फेयरी लाइट को रेलिंग पर सजाया जा सकता है। यह रात के समय बहुत ही शानदार लग सकती हैं।
