शारदीय नवरात्रि के साथ त्योहारों का सिलसिला शुरू होने वाला है। ऐसे में अलमारी में रखे साड़ी-सूट से लेकर महंगे लहंगे बाहर निकालने का समय आ गया है। त्योहारों पर पहनने के लिए कई बार इन्हें ड्राई क्लीन करवाने की जरूरत होती है। क्योंकि सिल्क-बनारसी साड़ी और भारी कढ़ाई वाले लहंगे को आम कपड़ों की तरह धोना या रगड़ना नुकसान पहुंचा सकता है। अगर आप चाहें तो घर पर इन्हें ड्राई क्लीन कर सकते हैं। बस आपको इसका सही तरीका और सावधानियों के बारे में पता होना चाहिए। आइए जानें इसके बारे में।
घर पर साड़ी और लहंगे को ड्राई क्लीन करने का तरीका
कपड़े का लेबल जांचें
घर में कपड़ों को ड्राई क्लीन करने से पहले हमेशा उसका लेबल चेक करें। केयर लेबल को ध्यान से पढ़ें। अगर उस पर केवल प्रोफेशनल ड्राई क्लीनिंग की सलाह है, तो घर पर किसी भी तरह का प्रयोग न करें।
होम ड्राई-क्लीनिंग किट का करें यूज
बाजार से ऐसी किट लेकर आएं जिसके निर्देश आपके कपड़े के मटीरियल के अनुकूल हों। किट में दिए गए निर्देशों के अनुसार ही इस्तेमाल करें।
कपड़े पर लगी चीजों को जांचें
फिर जरी, मोती, स्टोन, सीक्विन और गोटा लगे हों, तो किट के निर्देशों में देखें कि ऐसे कपड़ों पर इसका इस्तेमाल सुरक्षित है या नहीं।
किट के निर्देशों का पालन करें
जो ड्राई-क्लीनिंग किट आप लेकर आए हैं उसमें ड्रायर या किसी विशेष उपकरण की जरूरत बताई गई है, तो उसी के अनुसार प्रक्रिया पूरी करें। साड़ी या लहंगे को मनमाने तरीके से मशीन में न डालें।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद
कपड़े को निर्देशों के अनुसार बाहर निकालें और जरूरत हो तो हवादार जगह पर रखें। पूरी तरह सूखने या किट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अलमारी में रखें।
इन सावधानियां को बरतें
कपड़े पर लगे दाग, रंग छूटने या कढ़ाई उधड़ने की जांच करें। कपड़ा नाजुक, पुराना या बहुत महंगा हो, तो कोई एक्सपेरिमेंट न करें। किट के निर्देशों में बताए गए तापमान, समय और उपकरणों का ही इस्तेमाल करें। ब्लीच, परफ्यूम, घरेलू क्लीनर या दूसरे केमिकल मिलाकर यूज न करें।
इस्तेमाल के बाद कपड़े में नमी या क्लीनिंग एजेंट की गंध रह गई हो, तो उसे तुरंत बंद अलमारी में न रखें। कढ़ाई, जरी, स्टोन और रंग में किसी बदलाव की जांच करें। कपड़े को साफ मलमल के कवर में रखकर नमी और सीधी धूप से दूर रखें।
