बालों टूटने-झड़ने, रूखे होने जैसी तमाम समस्याओं से आजकल लोग परेशान रहते हैं। क्या आपके बाल भी उम्र बढ़ने के साथ रूखे, बेजान और कमजोर होने लगे हैं? टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। वह बताती हैं कि 40 की उम्र के बाद उनकों अपने बालों में बदलाव महसूस होने लगा। बाल झड़ने लगे और पहले जैसी चमक भी नहीं रही। इसके बाद उन्होंने बालों की देखभाल पर ज्यादा ध्यान देना शुरू किया।
टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी का मानना है कि बालों को बहुत ज्यादा कलर करवाने, तरह-तरह के प्रोडक्ट लगाने और बार-बार स्टाइल करने से बचना चाहिए। हाल ही में एक बातचीत के दौरान उन्होंने अपने हेयरकेयर रूटीन के बारे में बताया। श्वेता कहती हैं अगर आप चाहते हैं कि आपके बाल लंबे समय तक सुरक्षित रहें तो आपको 20 की उम्र में ही कुछ गलतियों को छोड़ देना चाहिए। डर्मेटोलॉजिस्ट से जानेंगे क्या श्वेता के हेयर केयर टिप्स बाकई में आपके काम आ सकते हैं।
सबसे पहले जानते हैं श्वेता तिवारी का हेयर केयर सीक्रेट
श्वेता तिवारी ने बताया कि वह बाल धोने से पहले तेल जरूर लगाती हैं। उनका कहना है, कुछ भी हो जाए, मैं बिना तेल लगाए अपने बाल नहीं धोऊंगी। उन्होंने बताया कि अगर वह रात में 3-4 बजे भी घर लौटती हैं और अगले दिन बाल धोने होते हैं, तब भी पहले बालों में तेल लगाकर रातभर छोड़ देती हैं।
20 की उम्र में ही इन गलतियों से बचने की सलाह
श्वेता तिवारी का कहना है कि बालों को बहुत ज्यादा कलर करवाने की जरूरत नहीं होती। इसके अलावा बालों में जरूरत से ज्यादा प्रोडक्ट लगाने और बार-बार स्टाइलिंग करने से भी बचना चाहिए। उनके मुताबिक, बालों की देखभाल का मतलब उन पर तरह-तरह के प्रयोग करना नहीं, बल्कि उन्हें नुकसान से बचाना और सही तरीके से उनकी देखभाल करना है।
40 की उम्र के बाद बदलने लगे बाल
श्वेता बताती हैं कि लंबे समय तक उनके बालों को लेकर उन्हें कोई खास परेशानी नहीं हुई। उनके बाल न तो ज्यादा रूखे थे और न ही उनकी देखभाल के लिए उन्हें बहुत मेहनत करनी पड़ती थी। लेकिन 40 की उम्र के बाद उन्हें बालों में बदलाव महसूस होने लगा।
उनके बाल झड़ने लगे और रूखे व बेजान दिखने लगे। इस वजह से वह काफी परेशान भी रहने लगी थीं। श्वेता के मुताबिक, कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि इसकी एक वजह पेरिमेनोपॉज (मेनोपॉज से पहले शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव) भी हो सकती है। इसके बाद उन्होंने अपने बालों की देखभाल पर पहले से ज्यादा ध्यान देना शुरू किया।
40 की उम्र के बाद क्यों झड़ने लगते हैं बाल?
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में द एस्थेटिक क्लीनिक्स की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, कॉस्मेटिक डर्मेटोलॉजिस्ट और डर्मेटो-सर्जन डॉ. रिंकी कपूर ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ बालों का झड़ना और पतला होना कई वजहों से हो सकता है। आइए जानें इसके बारे में।
- हार्मोन में बदलाव: महिलाओं में उम्र बढ़ने के साथ एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन का स्तर कम होने लगता है। इसका असर बालों की सेहत पर भी पड़ सकता है। वहीं पुरुषों में डीएचटी हार्मोन का बढ़ना बाल झड़ने की वजह बन सकता है।
- जेनेटिक कारण: बालों में बदलाव की वजह यह भी हो सकता है। अगर परिवार में किसी को गंजेपन या बाल पतले होने की समस्या रही है, तो आगे चलकर दूसरे सदस्यों को भी इसका सामना करना पड़ सकता है।
- पोषक तत्वों की कमी: शरीर में जरूरी विटामिन और मिनरल्स की कमी होने पर बाल कमजोर हो सकते हैं और झड़ने लगते हैं।
- स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन कम होना: उम्र बढ़ने के साथ सिर की त्वचा में खून का प्रवाह प्रभावित हो सकता है। इससे बालों की जड़ों तक पोषण पहुंचने पर असर पड़ता है।
- बीमारियां: थायरॉइड की समस्या, ऑटोइम्यून बीमारियां और कुछ पुरानी स्वास्थ्य समस्याएं भी बाल झड़ने की वजह बन सकती हैं।
बालों को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?
डॉ. रिंकी कपूर के मुताबिक, कुछ आदतों में बदलाव करके बालों की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
- खाने में प्रोटीन और पोषक तत्व शामिल करें: बालों को स्वस्थ रखने के लिए खाने में प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर चीजें शामिल करें। संतुलित डाइट बालों की सेहत के लिए जरूरी है।
- स्कैल्प की मसाज करें: समय-समय पर सिर की हल्के हाथों से मसाज करने से स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने में मदद मिल सकती है।
- बालों के हिसाब से चुनें प्रोडक्ट: हर किसी के बालों की जरूरत अलग होती है। इसलिए अपने बालों के प्रकार के हिसाब से हल्के और सही हेयरकेयर प्रोडक्ट चुनें।
- हीट स्टाइलिंग से बचें: बार-बार हेयर ड्रायर, स्ट्रेटनर और कर्लर का इस्तेमाल करने से बालों को नुकसान पहुंच सकता है। जहां तक हो सके, इनका कम इस्तेमाल करें। केमिकल ट्रीटमेंट भी जरूरत से ज्यादा न करवाएं।
- तनाव कम करने की कोशिश करें: तनाव का असर भी बालों की सेहत पर पड़ सकता है। इसलिए रोजाना एक्सरसाइज करें, पर्याप्त आराम लें और तनाव कम करने वाली गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
डॉ. कपूर के मुताबिक, उम्र बढ़ने के साथ बालों में होने वाले सभी बदलावों को रोक पाना संभव नहीं है। हालांकि, सही खानपान, बेहतर लाइफस्टाइल और जरूरत पड़ने पर मेडिकल ट्रीटमेंट की मदद से बालों की सेहत और उनकी बनावट को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों की सलाह पर आधारित है। बालों से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए अपनी मर्जी से ट्रीटमेंट शुरू करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें।
