बदलते समय में घरों की सजावट और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी कई पारंपरिक चीजें धीरे-धीरे पीछे छूट जाती हैं। लेकिन कुछ कला ऐसी भी हैं जो अपनी अलग पहचान रखती हैं। पश्चिम बंगाल के कूच बिहार की शीतल पाटी कला भी एक ऐसी खूबसूरत विरासत है। इसे स्थानीय बुनकर पीढ़ियों से अपने हाथों से आकार देते हैं। मुरता पौधे की पतली और मुलायम छड़ियों से तैयार होने वाली ये चटाइयां कभी घरों की जरूरतों का हिस्सा हुआ करती थीं। हालांकि समय के साथ इस कला में कई तरह के बदलाव भी देखने को मिले हैं। इनके रंग, डिजाइन और बारीक बुनाई हस्तशिल्प की खास पहचान है। शीतल पाटी एक चटाई नहीं बल्कि भारतीय कारीगरों की मेहनत, स्थानीय परंपरा और बदलते दौर के बीच अपनी जड़ों को संभाकर रखने की कहानी भी है।

शीतल पाटी भारत की हस्तशिल्प विरासत का प्रतीक है। जो मुख्य रूप से बंगाल के कूच बिहार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पीढ़ियों से चली आ रही है। यहां पर रहने वाले हजारों परिवारों के लिए यह कला आज भी आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। कूच बिहार के अलावा यह परंपरा असम, त्रिपुरा और सीमा पार बांग्लादेश में भी उतनी ही गहरी है। जहां सिलहट के बुनकरों की इस शिल्प की अपनी अलग कहानी है।

मुरता पौधा से कैसे बनाई जाती है चटाई

शीतल पाटी मुरता नाम के पौधे के तनों से तैयार की जाती है। सबसे पहले इस पौधे के तने को काटकर उसकी बाहरी परत को हटाया जाता है। इसके बाद इन्हें पतली पट्टियों में चीरकर धूप में सुखाने के लिए रखा जाता है। जब यह सूख जाती हैं तो कारीगर हाथ से इन पट्टियों को बुनकर सुंदर और मजबूत चटाई तैयार करते हैं। शीतल पाटी की खासियत इसकी महीन बुनाई और आकर्षक डिजाइन हैं। कुछ चटाइयों पर फूल, बेल-बूटों और जियोमैट्रिक आकृति और पारंपरिक पैटर्न बनाए जाते हैं।

यह गर्मी के मौसम में ये चटाई ठंडक देती हैं। यही वजह है कि इसका नाम शीतल पाटी रखा गया है। स्थानीय कारीगरों के अनुसार एक अच्छी क्वालिटी की शीतल पाटी बनाने में कई दिनों की मेहनत और धैर्य लगता है। परंपरा और हुनर का यह अनोखा संगम आज भी कूच बिहार की पहचान बना हुआ है। यह स्थानीय पारंपरिक कला के अलावा भारत की समृद्ध विरासत का भी अहम हिस्सा है।

बदलते समय में चुनौतियां

आज के दौर में पारंपरिक चीजों का चलन काफी कम हो गया है। लोग घर पर चीजों को बनाने से बजाय बाजार से खरीदना पसंद करते हैं। हाथ से कई दिनों की मेहनत से बनी शीतल पाटी चटाई खरीदने की बजाय ज्यादातर लोग सस्ती प्लास्टिक की चटाई खरीदना पसंद करते हैं। इसके अलावा बढ़ती लागत और मुरता पौधे की घटती पैदावर भी इसके सामने चुनौती बन सकती है। लोगों की बदलती आदतें भी इस कला को जीवित रखने में चुनौति बन सकती है।

आज भी कैसे जीवित है सदियों पुरानी परंपरा

कुछ पारंपरिक कलाएं ऐसी होती हैं जो एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचने में समय के साथ कई तरह के बदलाव करती है। शीतल पाटी बनाने वाले कारीगर भी इनमें शामिल हैं। भारत की इस पारंपरिक हस्तशिल्प कला को आज के समय में जीवित रखने के लिए चटाई के अलावा इस कला से अन्य उत्पाद भी बनाए जा रहे हैं। टोपी, पर्स, चप्पल और डलिया जैसी चीजें भी बनाई जाती हैं। रंगों और डिजाइनों में बदलाव के जरिए इसे मॉडर्न टच देने की कोशिश भी की जाती है।