रसोईघर में चाकू और कैंची ऐसे जरूरी औजार हैं, जिनका इस्तेमाल लगभग हर दिन किया जाता है। सब्जियों काटने से लेकर फलों को छीलने, पैकेट खोलने या छोटी-मोटी चीजों को काटने तक इनका इस्तेमाल किया जाता है। रोजाना इस्तेमाल के कारण धीरे-धीरे इनकी धार कम होने लगती है। जब चाकू तेज नहीं रहता तो सब्जियां काटते समय फिसलने लगती हैं और कैंची की धार कमजोर हो जाए तो पैकेट या प्लास्टिक काटना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में काम करने में ज्यादा समय लगता है और मेहनत भी बढ़ जाती है।

अक्सर लोग चाकू और कैंची की धार तेज करवाने के लिए बाजार जाते हैं, लेकिन हर बार ऐसा करना संभव नहीं होता। कभी समय की कमी होती है तो कभी आसपास सही विकल्प नहीं मिल पाता। ऐसे में अगर आप घर पर ही आसान तरीकों से इनकी धार तेज कर लें, तो आपका समय और पैसे दोनों की बचत हो सकती है। चाकू और कैंची की धार तेज करने के लिए किसी खास मशीन या महंगे उपकरण की जरूरत नहीं होती। इन्हें आप घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजों की मदद से ही तेज कर सकते हैं।

पहला तरीका
सबसे आसान तरीका है पुराने मटके या कटोरे की खुरदरी सतह पर चाकू या कैंची को हल्के हाथ से रगड़ें। 5 से 10 मिनट में ब्लेड की धार फिर से तेज हो सकती है।

दूसरा तरीका
कैंची की धार तेज करने के लिए एल्यूमिनियम फॉयल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए फॉयल को कई परतों में मोड़कर मोटा कर लें और फिर कैंची या चाकू से बार-बार काटें। 10-15 बार काटने से ब्लेड हल्का घिसकर धार बना लेता है।

तीसरा तरीका
सैंडपेपर की मदद से भी आप कैंची और चाकू की धार तेज कर सकते हैं। इसके लिए एक मीडियम ग्रिट सैंडपेपर लें और कैंची से सैंडपेपर को काटें। 10-15 बार काटने से धार तेज हो सकती है। इसके साथ ही सैंडपेपर पर हल्के हाथ से चाकू को रगड़ने से भी धार तेज हो सकती है।

चौथा तरीका
इन सब के अलावा पत्थर से भी चाकू की धार तेज कर सकते हैं। इसके लिए पत्थर पर चाकू को रखते हुए, उसे हल्के हाथ से रगड़ें। दोनों साइड बराबर करें।

पांचवा तरीका
कप के नीचे वाले खुरदरे हिस्से से भी चाकू की धार तेज कर सकते हैं। किसी सिरेमिक कप या प्लेट को उल्टा कर लें। नीचे का खुरदुरा हिस्सा होता है, उस पर चाकू को 15-20 डिग्री के एंगल पर रखते हुए हल्के हाथ से रगड़ें। 8-10 बार करने से धार तेज हो सकती है।

सावधानी जरूरी
इन घरेलू तरीकों को अपनाते वक्त सावधानी बरतनी जरूरी है। क्योंकि, हल्की सी लापरवाही से आपका हाथ कट सकता है या शरीर के अन्य हिस्से पर चोट लग सकती है। बेहतर होगा कि हाथ में दस्ताने पहनकर ही इसकी धार को तेज करें।

Also Read
साबुन के छोटे-छोटे टुकड़ों को फिर से करें इस्तेमाल, बनाएं बाजार जैसा पेपर सोप