Navratri mein kaun sa rang kis din pehne: शारदीय नवरात्रि 2026 की शुरुआत 11 अक्टूबर से होने जा रही है। 11 से 19 अक्टूबर तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाएगी। नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा के साथ इस नौ दिवसीय पर्व की शुरुआत होगी। इस दौरान भक्त कलश स्थापना, अखंड ज्योति और व्रत-उपवास के जरिए मातारानी की आराधना करेंगे। नवरात्रि में पूजा-पाठ और व्रत के साथ कपड़ों के रंगों का भी खास महत्व माना जाता है।

यही वजह है कि भक्त नौ दिनों तक देवी के अलग-अलग स्वरूपों को समर्पित रंग के कपड़े पहनते हैं। ऐसी मान्यता है कि हर रंग का अपना अलग महत्व होता है और यह सकारात्मकता, शांति, ऊर्जा और समृद्धि जैसे भावों से जुड़ा होता है। ऐसे में अगर आप भी इस नवरात्रि रोज मातारानी के रंग में रंगना चाहते हैं, तो यहां जानें 11 से 19 अक्टूबर तक किस दिन कौन सा रंग पहनना है और उस रंग का क्या महत्व है।

पहला दिन- 11 अक्टूबर: मां शैलपुत्री की पूजा रंग- नारंगी

नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। इस दिन नारंगी रंग पहनने की परंपरा है। नारंगी रंग को ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है। ट्रेडिशनल लुक के लिए आप नारंगी साड़ी, सूट या कुर्ती पहन सकती हैं। अगर पूरा कपड़ा नारंगी नहीं है तो आप नारंगी रंग का दुपट्टा या स्टोल भी कैरी कर सकती हैं।

दूसरा दिन- 12 अक्टूबर: मां ब्रह्मचारिणी की पूजा रंग- सफेद

नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की आराधना होती है। इस दिन सफेद रंग पहना जाता है। सफेद रंग को शांति, पवित्रता और सादगी का प्रतीक माना जाता है। इस दिन सफेद सूट, साड़ी या कुर्ती के साथ हल्की ज्वेलरी वाला सिंपल लुक अच्छा विकल्प हो सकता है।

तीसरा दिन- 13 अक्टूबर: मां चंद्रघंटा की पूजा रंग- लाल

तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा होती है और इस दिन का रंग लाल है। लाल रंग को शक्ति, उत्साह, प्रेम और साहस से जोड़ा जाता है। नवरात्रि के इस दिन लाल साड़ी, अनारकली या लाल कुर्ती पहन सकती हैं।

चौथा दिन- 14 अक्टूबर: मां कूष्मांडा की पूजा रंग- रॉयल ब्लू

चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा की जाती है। इस दिन रॉयल ब्लू रंग पहनने की परंपरा है। यह रंग गहराई, आत्मविश्वास और मजबूती का भाव दर्शाता है। इस दिन आप रॉयल ब्लू साड़ी या सूट के साथ सिल्वर या ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी पहनकर फेस्टिव लुक पा सकती है।

पांचवां दिन- 15 अक्टूबर: मां स्कंदमाता की पूजा रंग- पीला

पांचवें दिन मां स्कंदमाता की आराधना होती है। इस दिन पीला रंग पहनें। पीले रंग को खुशहाली, सकारात्मकता और उत्साह से जोड़ा जाता है। इस दिन के लिए पीली साड़ी, कुर्ती या सूट परफेक्ट रहेगा। इसके अलावा आप इस रंग का दुपट्टा या ब्लाउज भी अपने नवरात्रि लुक में शामिल कर सकती हैं।

छठा दिन- 16 अक्टूबर: मां कात्यायनी की पूजा रंग- हरा

छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा होती है। इस दिन हरा रंग पहना जाता है। हरा रंग प्रकृति, विकास और नई ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। हरे रंग की साड़ी, सूट या कुर्ती के साथ गोल्डन ज्वेलरी आपके लुक को फेस्टिव टच दे सकती है।

सातवां दिन- 17 अक्टूबर: मां कालरात्रि की पूजा रंग- ग्रे

सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। इस दिन ग्रे यानी स्लेटी रंग पहना जाता है। इस रंग को संतुलन, स्थिरता और गंभीरता से जोड़ा जाता है। अगर आपको बहुत चमकीले रंग पसंद नहीं हैं तो ग्रे रंग का एथनिक सूट या साड़ी इस दिन के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।

आठवां दिन- 18 अक्टूबर: मां महागौरी की पूजा रंग- बैंगनी

आठवें दिन मां महागौरी की पूजा होती है। इस दिन बैंगनी रंग पहनने की परंपरा है। बैंगनी रंग को गरिमा, आध्यात्मिकता और आत्मविश्वास से जोड़ा जाता है। बैंगनी साड़ी, सूट या लहंगा पहनकर सकती हैं। इससे आपको इस दिन के लिए थोड़ा रॉयल और फेस्टिव लुक मिलेगा।

नौवां दिन- 19 अक्टूबर: मां सिद्धिदात्री की पूजा रंग- पीकॉक ग्रीन

नवरात्रि के नौवें और अंतिम दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। इस दिन पीकॉक ग्रीन यानी मोरपंखी हरा रंग पहना जाता है। यह रंग हरे और नीले रंग का खूबसूरत मेल है। इसे सुंदरता, सकारात्मकता से जोड़ा जाता है। इस दिन पीकॉक ग्रीन साड़ी, सूट या लहंगा फेस्टिव लुक के लिए चुना जा सकता है।