Shahi vs kadhai paneer: शाही पनीर या कड़ाही पनीर आपके सामने दोनों रखे हों तो जिसका स्वाद आपको ज्यादा पसंद है उसे ही आप खाने के लिए चुनेंगे। लेकिन अगर आपसे ये सवाल पूछा जाए कि किसमें कितनी कैलोरी, फैट और प्रोटीन है तो शायद आपको इसका अंदाजा न हो। पनीर दोनों ही सब्जियों का मेन इंग्रीडिएंट है। पहली नजर में लग सकता है कि इनकी न्यूट्रिशन वैल्यू भी लगभग एक जैसी होगी। लेकिन क्या आपको पता है इसमें असली अंतर ग्रेवी में इस्तेमाल होने वाली चीजों से आता है।

शाही पनीर की ग्रेवी आमतौर पर क्रीम, काजू और खोया जैसी चीजों से ज्यादा गाढ़ी और मलाईदार बनती है, जबकि कड़ाही पनीर में टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च और मसालों का ज्यादा इस्तेमाल होता है। तो क्या शाही पनीर खाने से ज्यादा प्रोटीन भी मिलता है? या फिर इसकी मलाईदार ग्रेवी सिर्फ कैलोरी और फैट बढ़ाती है? आइए जानें इसके बारे में।

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कंसल्टेंट डाइटिशियन और सर्टिफाइड डायबिटीज एजुकेटर कनिका मल्होत्रा ने 100 ग्राम तैयार डिश, यानी ग्रेवी समेत, दोनों की तुलना की और इसकी जानकारी साझा की।

शाही पनीर में प्रोटीन ज्यादा है या कड़ाही पनीर में?

डाइटिशियन के मुताबिक, 100 ग्राम शाही पनीर में करीब 280-320 कैलोरी, 22-25 ग्राम फैट और 9-10 ग्राम प्रोटीन हो सकता है। वहीं इतनी ही मात्रा में कड़ाही पनीर में करीब 180-220 कैलोरी, 12-15 ग्राम फैट और 9-10 ग्राम प्रोटीन हो सकता है। यानी दोनों में प्रोटीन का अंतर बहुत ज्यादा नहीं है। इसकी वजह भी सीधी है—दोनों में प्रोटीन का सबसे बड़ा स्रोत पनीर ही है, ग्रेवी नहीं।

डाइटिशियन कनिका मल्होत्रा ने बताया कि शाही पनीर चुनने से आपको कड़ाही पनीर की तुलना में खास अतिरिक्त प्रोटीन नहीं मिलता, लेकिन कैलोरी और फैट जरूर बढ़ सकते हैं।

आखिर शाही पनीर में कैलोरी और फैट इतना ज्यादा क्यों?

इसका जवाब ग्रेवी में इस्तेमाल होने वाली चीजों में छिपा है। शाही पनीर को मलाईदार और गाढ़ा बनाने के लिए अक्सर क्रीम, काजू का पेस्ट और खोया इस्तेमाल किया जाता है। ये चीजें कम पानी वाली और ज्यादा कैलोरी वाली होती हैं। इसलिए थोड़ी सी मात्रा भी पूरी डिश की कैलोरी बढ़ा सकती है।

इसके मुकाबले कड़ाही पनीर की ग्रेवी में टमाटर और प्याज का बेस ज्यादा होता है। इनमें पानी की मात्रा अधिक होती है और फैट कम होता है। डाइटिशियन ने बताया कि शाही पनीर की एक सर्विंग में मिलने वाला अतिरिक्त फैट लगभग उतना हो सकता है, जितना कड़ाही पनीर की एक कटोरी में करीब दो चम्मच घी डालने से बढ़े।

क्या क्रीम और काजू की वजह से शाही पनीर ज्यादा पौष्टिक भी हो जाता है?

काजू अपने आप में पौष्टिक खाद्य पदार्थ है। इसमें मैग्नीशियम और अच्छे फैट समेत कई पोषक तत्व होते हैं। लेकिन जब काजू को पीसकर क्रीमी ग्रेवी में डाला जाता है और इसके साथ चावल, नान या रोटी भी खाई जाती है, तो पूरे खाने की कैलोरी काफी बढ़ सकती है।

कड़ाही पनीर को क्या बनाता है थोड़ा अलग?

कड़ाही पनीर की खासियत सिर्फ यह नहीं है कि इसमें क्रीम और काजू कम होते हैं। इसमें इस्तेमाल होने वाली सब्जियां भी कुछ अतिरिक्त पोषक तत्व देती हैं। टमाटर, प्याज और शिमला मिर्च कड़ाही पनीर की ग्रेवी में यूज होते हैं।

डाइटिशियन ने बताया कि टमाटर पकाने से उसका पोषण पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता। बल्कि पकाने से उसमें मौजूद लाइकोपीन शरीर को मिलता है। वहीं शिमला मिर्च से विटामिन C समेत दूसरे पोषक तत्व भी मिलते हैं, हालांकि पकाने की प्रक्रिया से विटामिन C की कुछ मात्रा कम हो सकती है।

प्रोटीन बढ़ाना है तो ज्यादा ग्रेवी नहीं, पनीर मांगें

अगर आपका फोकस प्रोटीन पर है तो शाही पनीर की ज्यादा ग्रेवी लेने के बजाय थोड़ा ज्यादा पनीर ले सकते हैं। डाइटिशियन के मुताबिक, दो अतिरिक्त पनीर के टुकड़े करीब 5 ग्राम प्रोटीन बढ़ा सकते हैं। जबकि अतिरिक्त ग्रेवी से प्रोटीन बहुत कम बढ़ेगा और फैट व कैलोरी बढ़ सकती है। इसके अलावा आप पनीर की किसी भी सब्जी के साथ एक छोटी कटोरी दाल या दही ले सकते हैं। इससे पूरे खाने का प्रोटीन बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

क्या शाही पनीर को थोड़ा हल्का बनाया जा सकता है?

अगर आपको शाही पनीर पसंद है तो सिर्फ कैलोरी की वजह से इसे पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है। इसकी रेसिपी में छोटे बदलाव करके इसे थोड़ा हल्का बनाया जा सकता है। कनिका मल्होत्रा का सुझाव है कि पूरी रेसिपी बदलने के बजाय 80:20 का बदलाव किया जा सकता है।

जैसे क्रीम का कुछ हिस्सा हंग कर्ड या ताजे दूध से बदला जा सकता है। काजू का पेस्ट कम करके टमाटर की मात्रा बढ़ाई जा सकती है, जिससे ग्रेवी को गाढ़ापन भी मिलेगा। ग्रेवी को क्रीमी बनाने के लिए उबले प्याज का पेस्ट, थोड़ी मात्रा में भुना बेसन, भिगोकर पीसे हुए खरबूजे के बीज या दही जैसे विकल्प भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। वहीं अगर प्रोटीन बढ़ाना है तो ग्रेवी बढ़ाने के बजाय पनीर की मात्रा थोड़ी बढ़ाना ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता है।

तो शाही पनीर या कड़ाही पनीर, किसे चुनें?

अगर केवल प्रोटीन की बात करें तो दोनों में बहुत बड़ा अंतर नहीं है, क्योंकि प्रोटीन का मुख्य स्रोत पनीर है। फर्क मुख्य रूप से ग्रेवी से आता है। शाही पनीर में क्रीम, काजू और खोया जैसी सामग्री होने की वजह से कैलोरी और फैट ज्यादा हो सकता है। वहीं कड़ाही पनीर में टमाटर, प्याज और शिमला मिर्च जैसी चीजों के कारण कैलोरी थोड़ी कम हो सकती है। कुछ अतिरिक्त पोषक तत्व भी मिल सकते हैं।

इसलिए अगली बार रेस्टोरेंट में दोनों में से चुनते समय सिर्फ यह न देखें कि किसमें ज्यादा पनीर दिख रहा है। यह भी देखें कि आपकी प्लेट में कितनी ग्रेवी जा रही है और उसमें क्या-क्या मिला है।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल पब्लिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञ की राय के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी डाइट या खान-पान में बड़ा बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लें।