Shab-e-Barat Special Barfi: शब-ए-बारात को माफी की रात के रूप में मनाया जाता है। यह मुस्लिम समुदाय के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। दरअसल, इस्लाम को मानने वाले लोग इस खास रात को नमाज अदा करने के साथ अपने गुनाहों की माफी मांगते हैं।

वहीं, इस मौके पर इबादत के साथ-साथ घरों में मीठे पकवान भी बनाए जाते हैं, जिन्हें रिश्तेदारों और जरूरतमंदों में बांटा जाता है। शब-ए-बारात पर सूजी की बर्फी भी बनाई जाती है। दरअसल, सूजी की बर्फी स्वाद में काफी बेहतरीन होती है। आप इसे आसानी से तैयार भी कर सकते हैं।

सूजी की बर्फी बनाने की सामग्री

1 कप सूजी
आधा कप घी
1 कप चीनी
आधा कप दूध
आधा कप खोया
10 काजू
10 बादाम
पिस्ता
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर

घर पर कैसे बनाएं सूजी की बर्फी?

स्टेप-1

सूजी की बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में घी गर्म करें। घी के हल्का गर्म होते ही उसमें सूजी डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। कुछ समय में इसका रंग हल्का सुनहरा हो जाएगा। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि सूजी जले नहीं।

स्टेप-2

जब सूजी अच्छे से भुन जाए, तब इसमें दूध डालें और अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें खोया डालकर धीमी आंच पर पकाएं। वहीं, दूसरी ओर एक छोटे पैन में चीनी और थोड़ा सा पानी डालकर चाशनी तैयार करें। चाशनी बनते ही इसे सूजी के मिश्रण में डाल दें और अच्छी तरह मिलाएं।

स्टेप-3

अब आप इसमें इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। कुछ ही देर में यह मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगेगा और गाढ़ा हो जाएगा। इसके बाद गैस बंद कर दें। अब एक थाली में हल्का सा घी लगाकर इस मिश्रण को फैलाएं। इसके ऊपर से ड्राई फ्रूट्स की गार्निश करें। कुछ समय बाद जब यह ठंडा हो जाए, तो इसे बर्फी की शेप में काट लें।