बॉलीवुड के सुपरफिट एक्टर अनिल कपूर 64 साल के हो गए हैं, लेकिन वह अभी भी किसी युवा एक्टर को टक्कर देते हैं। अनिल कपूर की डाइट और फिटनेस का राज तो हर कोई जानना चाहता है। डिस्कवरी प्लस के फूड शो स्टार VS फूड सीज़न 2 में अनिल कपूर ने शिरकत की। इस दौरान अनिल कपूर रसोई घर में पकने वाली चीजों को जानने के लिए काफी उत्सुक नज़र आए। लेकिन इस दौरान एक हंसी वाली घटना भी हुई जब अनिल कपूर स्टोव तक नहीं जला पाए।
मुंबई के रेस्त्रां में एग्जीक्यूटिव शेफ गणेस के साथ अनिल कपूर को अपने मेहमानों के लिए स्पेशल भोजन परोसना था। शो में मेहमान के रूप में फराह खान, अरबाज़ खान और महदीप कपूर नज़र आए थे। अपने स्वादिष्ट खाने को बनाते हुए अनिल कपूर ने कई चीजों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि वह कभी भी डाइटिंग करने के शौकीन नहीं रहे। यहां अनिल कपूर की भाभी महदीप कपूर ने एक चीज का खुलासा किया।
पत्नी रखती हैं अनिल कपूर के खाने का ध्यान: महदीप कपूर ने बताया कि अनिल कपूर की पत्नी सुनीता उनके खाने का बहुत ध्यान रखती हैं। यहां तक कि सुनीता कभी कुछ भी खाने नहीं देतीं और पिछले 26 सालों से, ये सभी की थाली में से खाना खा रहे हैं। दरअसल महदीप ये बताना चाहती थीं कि अनिल कपूर की डाइट और खाने की सही मात्रा पर उनकी पत्नी बहुत ध्यान रखती हैं। इस दौरान अनिल कपूर और अन्य सभी मेहमान बॉलीवुड के अन्य स्टार्स की डाइट पर भी चर्चा करने लगते हैं।
शाहरुख खान की करीबी दोस्त फराह खान और अनिल कपूर ने ऐसा खुलासा किया जिसे सुनकर सलमान और शाहरुख के फैन्स चौक जाएंगे। अनिल और फराह बताते हैं कि शाहरुख खान बहुत चुनिंदा हैं यानी वो अपने खाने में भी चीजों को चुनकर ही खाते हैं। जैसे शाहरुख खान तंदूरी चिकन को छोड़कर किसी भी दूसरी चीज को नहीं खाते हैं जबकि सलमान खान के साथ ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सलमान खान को बिरयानी से लेकर छोले भठूरे तक सब खाना अच्छा लगता है।
शो के अंत में अनिल कपूर ने अपनी मां को भी याद किया। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि ये एपिसोड उन्हें मां की याद दिलाता है। जो सभी मेहमानों को खाना परोसने के बाद उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार करती थीं और आज एक्टर को भी कुछ ऐसा ही महसूस हो रहा था।