स्टील की बोतल और जार का इस्तेमाल लगभग हर घर में किया जाता है। बोतल में जहां पानी रखा जाता है, तो वहीं जार का उपयोग दाल, मसाले और अन्य किचन की चीजें स्टोर करने के लिए किया जाता है। समय के साथ इनकी सतह पर गंदगी के साथ खरोंच के निशान भी पड़ने लगते हैं। खरोंच के निशान अक्सर सफाई करते वक्त या किसी चीज से रगड़ लगने के कारण पड़ते हैं। खासतौर पर जब इन्हें स्क्रबर या किसी खुरदरी चीज से साफ किया जाता है तो स्क्रैच और ज्यादा नजर आने लगते हैं।
स्टील की बोतलों और जार पर पड़े खरोंच के ये निशान न सिर्फ स्टील की सतह को पुराना दिखाते हैं, बल्कि कई बार उनकी चमक भी फीकी पड़ जाती है। हालांकि, आप इन खरोंचों को घर पर ही आसानी से साफ कर सकते हैं। कुछ घरेलू नुस्खे हैं जिनकी मदद से इन्हें काफी हद तक कम किया जा सकता है।
1- बेकिंग सोडा
बेकिंग सोडा को पानी में मिलाकर तैयार किए गए पेस्ट की मदद से काफी हद तक स्टील की बोतल पर लगे खरोंच को साफ किया जा सकता है। हालांकि, इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका पता होना जरूरी है।
कैसे करें इस्तेमाल
इसके लिए एक कटोरी में 1-2 चम्मच बेकिंग सोडा लें और उसमें थोड़ा सा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को खरोंच वाली जगह पर लगाएं और मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े से स्टील की दिशा में हल्के हाथ से रगड़ते हुए साफ करें। करीब 1-2 मिनट तक ऐसा करने के बादल बोतल को साफ पानी से धो दें और सूखे कपड़े से पोंछ दें। इससे गंदगी साफ होने के साथ ही खरोंच के निशान भी काफी हद तक कम हो सकते हैं।
2- टूथपेस्ट कैसे करता है काम
आजकल सफेद टूथपेस्ट का इस्तेमाल कई चीजों की साफ-सफाई में किया जाता है। स्टील की बोतल पर लगे खरोंच को साफ करने में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि सफेद और नॉन-जेल टूथपेस्ट का इस्तेमाल करना चाहिए। टूथपेस्ट में मौजूद हल्के कण सतह के छोटे निशानों को कम करने में मदद कर सकते हैं।
इस्तेमाल करने का तरीका
सबसे पहले बोतल को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद खरोंच वाली जगह पर थोड़ा सा सफेद टूथपेस्ट लगाकर मुलायम कपड़े से धीरे-धीरे रगड़ें। स्टील की सतह पर जिस दिशा में पहले से फिनिश है, उसी दिशा में कपड़ा चलाएं। कुछ मिनट बाद पानी से अच्छी तरह साफ करके सुखा लें। छोटे खरोंच काफी हद तक कम हो सकते हैं।
3- स्टील पॉलिश से चमकाएं
अगर स्टील की बोतल पर कई जगह हल्के खरोंच हैं, तो आप स्टेनलेस स्टील पॉलिश का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह सतह को साफ करने के साथ ही उसकी चमक को बरकरार रखने में भी मदद कर सकती है।
कैसे करें इस्तेमाल
बोलत को साफ करके अच्छी तरह सूखा लें। इसके बाद थोड़ी मात्रा में पॉलिश को माइक्रोफाइबर कपड़े पर लगाएं और स्टील की फिनिश की दिशा में घुमाते हुए धीरे-धीरे लगा दें। अब इसे हल्के हाथ से रगड़ते हुए साफ करें और अतिरिक्त पॉलिश को हटा दें। सही मात्रा में इस्तेमाल करने के लिए उत्पाद के निर्देशों का पालन करें। इसकी जानकारी आपको पॉलिश के पैकेट पर मिल जाएगी।
यह भी पढ़ें
तकिए पर लगे पीले और जिद्दी दाग को कैसे साफ करें, काम आ सकते हैं ये आसान तरीके
