हिंदू धर्म में सावन के महीने का विशेष महत्व है। यह माह भगवान शिव को समर्पित है और इस दौरान देशभर के भक्त शिवालयों में शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं और विधि-विधान से महादेव की पूजा-अर्चना करते हैं। सावन में पड़ने वाली शिवरात्रि इस बार 11 अगस्त 2026 को मनाई जाएगी। इस मौके पर काफी लोग व्रत भी रहते हैं और इस दिन पूजा की तैयारियों के साथ पूजा की थाली को भी सजाते हैं। वैसे तो बाजार में एक से बढ़कर एक डिजाइन वाली पूजा की थालियां उपलब्ध हैं, लेकिन आप घर पर भी आसानी से पूजा की थाली खूबसूरत तरीके से सजा सकते हैं।
1- फूलों से सजाएं
सावन शिवरात्रि के मौके पर पूजा की थाली को आप फूलों की मदद से भी सजा सकते हैं। इसके लिए गेंदा, गुलाब, चमेली या सफेद फूलों का इस्तेमाल किया जा सकता है। थाली के किनारों पर फूलों की छोटी सी माला लगाएं और बीच में फूलों की पंखुड़ियों से सुंदर डिजाइन बना सकते हैं।
2- कुमकुम और मोतियों से बनाएं थाली को खूबसूरत
पूजा की थाली को खास तरह से सजाने के लिए आप कुमकुम और मोतियों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए लाल रंग का कपड़ा, कुमकुम, हल्दी, गोंद, और छोटे सफेद मोती की जरूरत पड़ेगी। सबसे पहले थाली को साफ कर लाल रंग का कपड़ा चिपका दें। अब थाली के बीच में कुमकुम और हल्की से ‘स्वस्तिक’ का चिन्ह बनाएं। इसके बाद थाली के बाहरी किनारों पर गोंद की मदद से मोतियों की सुंदर लाइन चिपका दें। इससे एक सिंपल थाली बेहद खूबसूरत नजर आएगी।
3- ऊं और त्रिशूल डिजाइन से सजाएं
हिंदू धर्म में ऊं शब्द का विशेष महत्व है। भगवान शिव की आराधना में सबसे अधिक ऊं मंत्र का उपयोग किया जाता है। पूजा की थाली को ऊं के साथ महादेव के त्रिशूल से भी सजा सकते हैं। इसके लिए थाली के बीच में रोली या कुमकुम से ऊं और त्रिशूल बनाएं। इसके आसपास अक्षत (चावल) से छोटी सी बॉर्डर बना दें। चारों ओर फूलों की पंखुड़ियां सजाते हुए थाली के किनारे 2-4 छोटे दीये भी रख सकते हैं। वहीं, दीयों के पास अक्षत और फूल रखकर इसे और भी खूबसूरत बना सकते हैं।
4- बिल्व पत्र से सजाएं
हिंदू धर्म और आयुर्वेद में बिल्व पत्र का अत्यधिक धार्मिक, आध्यात्मिक और औषधीय महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बिल्व पत्र भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बिल्व पत्र के बिना महादेव की पूजा अधूरी मानी जाती है। आप बिल्व पत्र की भी मदद से पूजा की थाली को भक्तिमय लुक दे सकते हैं। इसके लिए थाली के बीच में फूलों से एक छोटा सा गोल घेरा बनाकर उसके चारों तरफ बेलपत्र रखें। बीच में रोली, अक्षत और चंदन रखें। एक तरफ छोटा दीपक और दूसरी तरफ फूल रखकर थाली को ज्यादा आकर्षक बना सकते हैं।
5- मिरर वर्क वाली थाली
शिवरात्रि के मौके पर आप पूजा की थाली को विशेष तरीके से सजाने के लिए छोटे मिरर और मोतियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस थाली को नियमित पूजा के समय भी उपयोग कर सकते हैं। इसलिए पीतल या पूजा में जो भी थाली इस्तेमाल करते हैं उसके किनारों पर छोटे-छोटे मिरर और मोती चिपकाकर पतली बॉर्डर बनाएं। बीच में एक छोटा सा गोला डिजाइन बनाएं। इस डिजाइन के बीच में ऊं लिख सकते हैं या महादेव का छोटा सा चित्र चिपकाकर इसे और खूबसूरत बना सकते हैं।
यह भी पढ़ों: सावन में जा रहे हैं सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का दर्शन करने, आसपास हैं कई शानदार जगहें
