सावन माह 30 जुलाई 2026, गुरुवार से होने जा रहा है। इस साल कुल 31 दिनों के सावन पड़ेंगे। इसका समापन श्रावण पूर्णिमा पर 27 अगस्त को होगा। हिंदू धर्म में सावन को काफी महत्वपूर्ण माह माना जाता है। इसमें शिव जी की आराधना करने के साथ-साथ स्नान, दान और जप करने का विशेष महत्व होता है।
पूजा-पाठ में तांबे-पीतल के बर्तन इस्तेमाल किए जाते हैं। ऐसे में अगर आपके घर में तांबे या पीतल के बर्तन काले पड़ गए हैं, तो उन्हें चमकाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। न ही महंगा क्लीनर खरीदने की जरूरत है। घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजों की मदद से इन बर्तनों की चमक वापस लाई जा सकती है।
टाटरी (साइट्रिक एसिड) और नमक का घोल
पूजा के बर्तनों पर अगर कालापन जमा हो गया है, तो यह तरीका काफी काम आ सकता है। इसके लिे एक बड़े बर्तन में इतना पानी लें कि साफ किए जाने वाले बर्तन उसमें आसानी से डूब जाएं। इसके बाद उसमें 1 चम्मच साइट्रिक एसिड (टाटरी) और 1 चम्मच नमक डालकर अच्छी तरह घोल लें। फिर तांबे या पीतल के बर्तनों को इस घोल में रखें।
यदि बर्तन गहरे हैं, तो उनके अंदर भी यही घोल भर दें। फिर कुछ मिनट बाद कालापन हटने लगेगा। जहां दाग ज्यादा हों, वहां मुलायम कपड़े या स्पंज से हल्के हाथों से रगड़ें। आखिर में साफ पानी से अच्छी तरह धोकर सूखे कपड़े से पोंछ दें। इस बात का ध्यान रखें कि बर्तनों को घोल में जरूरत से ज्यादा देर तक न छोड़ें और स्टील स्क्रबर का इस्तेमाल न करें, इससे सतह पर खरोंच आ सकती है।
नमक और नींबू से लौटाएं चमक
यह काफी पुराना और आजमाया हुआ तरीका है। इसके लिए सबसे पहले एक नींबू को बीच से काट लें। फिर कटे हुए हिस्से पर थोड़ा नमक लगाएं। इसके बाद इसे बर्तन की सतह पर हल्के हाथों से रगड़ें। फिर 5–10 मिनट बाद बर्तन को पानी से धो लें। लास्ट में हल्के डिशवॉश लिक्विड से साफ करके सूखे कपड़े से पोंछ दें। नींबू में मौजूद प्राकृतिक अम्ल और नमक मिलकर ऑक्साइड की परत हटाने में मदद करते हैं।
बेकिंग सोडा और सिरके का पेस्ट
पूजा के बर्तनों को साफ करने के लिए यह तरीका भी आपके काम आ सकता है। इसके लिए सबसे पहले 1–2 चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा-सा सफेद सिरका मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। फिर इस पेस्ट को बर्तनों पर लगाकर 5–10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम कपड़े या स्पंज से साफ करें। अंत में साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा दें। इस बात का ख्याल रखें कि सिरके की मात्रा बहुत ज्यादा न रखें और लंबे समय तक बर्तन पर लगा हुआ न छोड़ें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य घरेलू सफाई के तरीकों पर आधारित है। अलग-अलग धातु, पॉलिश या कोटिंग वाले बर्तनों पर इन उपायों का असर अलग हो सकता है। किसी भी तरीके को पूरे बर्तन पर अपनाने से पहले उसके छोटे हिस्से पर टेस्ट कर लें।
