सावन का महीना शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। इस पावन महीने का इंतजार खासकर महिलाओं को बेसब्री से रहता है। कोई नए कपड़ों की खरीदारी करता है, तो कोई चूड़ियां, मेहंदी और गहनों की तैयारी में जुट जाता है। नई-नवेली सुहागिनों के लिए तो सावन का उत्साह और भी खास होता है। ऐसे में अगर आपकी चांदी की पायल और बिछिया काली पड़ गई हैं, तो उन्हें ज्वेलर के पास ले जाने की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से ही आप उनकी चमक वापस ला सकती हैं।

बेकिंग सोडा और गुनगुना पानी

पायल और बिछिया को पहने-पहने कई बार इनके ऊपर हल्का कालापन आ जाता है। इससे इनकी चमक तो फीकी पड़ ही जाती है साथ ही ये देखने में सुंदर नहीं लगती हैं। ऐसे में यह तरीका आपके काम आ सकता है। इसके लिए सबसे पहले एक कटोरी गुनगुने पानी में 1 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। फिर चांदी की पायल या बिछिया को 10-15 मिनट के लिए इसमें छोड़ दें। इसके बाद आपको पायल या बिछिया जो भी आप साफ कर रहे हैं उसे मुलायम टूथब्रश से हल्के हाथ से साफ करें। फिर साफ पानी से धोकर सूती कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें। इस बात का ध्यान रखें अगर ज्वेलरी में स्टोन लगे हैं तो उसे ज्यादा देर तक भिगोकर न रखें।

सफेद टूथपेस्ट

सफेद टूथपेस्ट भी चांदी की हल्की मैल हटाने में मदद कर सकता है। इसके लिए सबसे पहले थोड़ा-सा टूथपेस्ट लगाकर मुलायम कपड़े या ब्रश से हल्के हाथ से रगड़ें। इसके बाद 2-3 मिनट बाद साफ पानी से धो लें। फिर सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से चमका लें।

एल्युमिनियम फॉयल, बेकिंग सोडा और गर्म पानी

अगर चांदी की पायल या बिछिया ज्यादा काली पड़ गई है, तो यह तरीका अपना सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में एल्युमिनियम फॉयल बिछाएं। फिर उस पर पायल या बिछिया रखें। इसके बाद 1 चम्मच बेकिंग सोडा डालें। फिर ऊपर से हल्का गर्म पानी डाल दें। 5-10 मिनट बाद निकालकर साफ पानी से धो लें।

साबुन और गुनगुने पानी

अगर आप पायल और बिछिया रोज पहनते हैं, तो इन्हें बहुत ज्यादा गंदा होने का इंतजार न करें। गुनगुने पानी में कुछ बूंदें माइल्ड लिक्विड साबुन की डालें। फिर 5 मिनट के लिए ज्वेलरी रखें। इसके बाद मुलायम ब्रश से साफ करें। पानी से धोकर तुरंत सुखा लें। इससे पसीना, धूल और तेल की परत साफ हो जाती है।

चांदी की पायल-बिछिया साफ करते समय न करें ये गलतियां

ब्लीच या तेज केमिकल से चांदी साफ न करें। स्टील स्क्रबर या खुरदरे ब्रश का इस्तेमाल न करें।
सफाई के बाद चांदी को गीला न छोड़ें, इससे दोबारा जल्दी कालापन आ सकता है।
अगर पायल या बिछिया में मोती, कुंदन या दूसरे स्टोन लगे हैं, तो उन्हें लंबे समय तक पानी या बेकिंग सोडा में न भिगोएं।

इस तरह सावन में आपकी चांदी की पायल और बिछिया लंबे समय तक चमकदार बनी रहेंगी और बार-बार ज्वेलर के पास जाकर इन्हें साफ कराने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।