अपना घर हर किसी का सपना होता है। हर कोई उसे सुंदर से सुंदर सजाना चाहता है। ऐसे में लोगों को तलाश रहती है कि ऐसे इंटीरियर ट्रेंड की जो उनके घर को सुंदर और बड़ा दिखाने में मदद करे। घर की सजावट में कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जो समय के साथ पुरानी नहीं पड़तीं। फर्श से छत तक बनी बड़ी कांच की खिड़कियां भी इन्हीं में से एक हैं। इंटीरियर की भाषा में इन्हें फ्लोर-टू-सीलिंग विंडो कहा जाता है।
ये न सिर्फ घर में प्राकृतिक रोशनी लाती हैं, बल्कि बाहर के नजारे को भी कमरे का हिस्सा बना देती हैं। इससे घर को न केवल लग्जरी लुक मिलता है बल्कि घर को स्टाइलिश और खुला-खुला दिखाने में भी मदद मिलती है। अभिनेता संजय दत्त की बेटी त्रिशाला दत्त के साथ सामने आई एक तस्वीर में ऐसा ही खूबसूरत नजारा देखने को मिला। तस्वीर में दोनों के पीछे बड़ी-बड़ी कांच की खिड़कियां हैं, जिनके पार न्यूयॉर्क की जगमगाती इमारतें नजर आ रही हैं।
कमरे की सजावट सादी होने के बावजूद खिड़कियां पूरे लुक को खास बना रही हैं। आप भी इस तरह की खिड़कियां लगवाकर घर की खूबसूरती में चार-चांद लगा सकते हैं। लेकिन क्या आपने सोचा है कि बड़ी कांच की खिड़कियों का चलन इतने सालों से क्यों बना हुआ है? और अगर आप भी अपने घर को ऐसा लुक देना चाहते हैं, तो किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, आइए जानें इसके बारे में।
बड़ी कांच की खिड़कियां क्यों लगती हैं इतनी खूबसूरत?
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में मुंबई के द गोल्ड लीफिंग स्टूडियो के कॉन्सेप्ट डिजाइनर और गोल्ड लीफिंग आर्टिस्ट इमरान खान ने बताया कि जब घर में फर्श से छत तक बनी कांच की खिड़कियां लगवाई जाती हैं तो यह घर को मॉर्डन, खुला और शानदार लुक देती हैं। खासकर छोटे अपार्टमेंट में ये जगह को ज्यादा खुला महसूस कराने में मदद कर सकती हैं।
घर में आती है ज्यादा प्राकृतिक रोशनी
बड़ी खिड़कियां लगवाने का सबसे बड़ा फायदा है कि जब इन्हें घर में लगवाया जाता है तो दिन की रोशनी कमरे के अंदर तक पहुंच सकती है। इससे कई फायदे होते हैं एक तो कृत्रिम रोशनी पर निर्भरता कम होती साथ ही कमरे का माहौल भी ज्यादा खुला और रोशन नजर आता है। धूप से घर में पॉजिटिविटी आती है।
छोटा कमरा भी लगता है खुला-खुला
अगर आपके घर में कमरे छोटे-छोटे हैं तो बड़ी कांच की खिड़कियां लगवाने से यह बड़े और खुले नजर आ सकते हैं। इन्हें लगवाने से नजरें सिर्फ चार दीवारों तक सीमित नहीं रहतीं। इससे बाहर का नजारा भी साफ दिखाई देता है। इसी वजह से कमरे की जगह ज्यादा खुली महसूस हो सकती है। यही वजह है कि शहरों के ऊंचे अपार्टमेंट में इस तरह का डिजाइन काफी पसंद किया जाता है।
बाहर का नजारा दिखता है खूबसूरत
अगर घर की खिड़की से शहर, हरियाली या कोई खूबसूरत नजारा दिखाई देता है, तो उसे छिपाने के बजाय डिजाइन का हिस्सा बनाया जा सकता है। बड़ी कांच की खिड़कियां बाहर के दृश्य को कमरे की खूबसूरती से जोड़ देती हैं।
बिना ज्यादा सजावट के दिखती हैं आकर्षक
जब ऐसी खिड़कियां घर में लगवाई जाती हैं तो यह लकड़ी, पत्थर, धातु और सादे रंगों वाले फर्नीचर के साथ अच्छी लग सकती हैं। यानी घर में बहुत ज्यादा सजावटी चीजें रखे बिना भी एक आकर्षक और आधुनिक लुक पाया जा सकता है।
सालों तक खूबसूरत दिखेंगी खिड़कियां, इन बातों का रखें ध्यान
इमरान खान के मुताबिक, बड़ी कांच की खिड़कियों का डिजाइन लंबे समय तक पसंद किया जा सकता है। हालांकि, इनके आसपास इस्तेमाल किए गए फ्रेम और सजावट का चुनाव पूरे लुक को बदल सकता है। इनके आसपास क्या रखें और किस तरह से इन्हें खूबसूरत दिखाएं इसके लिए यहां से आप आइडिया ले सकते हैं।
फ्रेम का डिजाइन रखें सादा
खिड़कियों के लिए बहुत ज्यादा डिजाइन वाले फ्रेम चुनने के बजाय सादे और पतले फ्रेम बेहतर विकल्प हो सकते हैं। काले, सफेद या दूसरे न्यूट्रल रंगों के फ्रेम अलग-अलग तरह की सजावट के साथ आसानी से मेल खाते हैं।
फर्नीचर में बहुत ज्यादा प्रयोग न करें
अगर खिड़कियां कमरे का मुख्य आकर्षण हैं, तो बाकी सजावट को संतुलित रखना अच्छा रहेगा। सोफा, टेबल और दूसरे बड़े फर्नीचर के लिए ऐसा डिजाइन चुनें, जो लंबे समय तक अच्छा लगे। ट्रेंड के हिसाब से बदलाव करने हों, तो छोटे सजावटी सामान से कमरे का लुक बदल सकते हैं।
पर्दों का चुनाव सोच-समझकर करें
फर्श से छत तक की खिड़कियों पर लंबे पर्दे लगाने से कमरा ज्यादा सजा हुआ और आकर्षक दिख सकता है। हल्के रंगों के पर्दे कमरे को सुकून भरा लुक देते हैं, जबकि गहरे रंग सजावट में अलग अंदाज जोड़ सकते हैं। पर्दे ऐसे चुनें, जिन्हें जरूरत के मुताबिक आसानी से खोला और बंद किया जा सके।
प्राइवेसी का भी रखें ध्यान
शहरों के अपार्टमेंट में बड़ी कांच की खिड़कियों से बाहर का नजारा तो अच्छा दिखता है, लेकिन सामने दूसरी इमारत होने पर घर के अंदर की गतिविधियां भी दिखाई दे सकती हैं। इसलिए खिड़कियां लगवाने से पहले प्राइवेसी का इंतजाम करना जरूरी है। इसके लिए सही पर्दे, ब्लाइंड्स या दूसरे उपयुक्त विकल्प चुने जा सकते हैं।
घर में बड़ी कांच की खिड़कियां लगवाना कितना सही?
अगर आप घर को खुला, रोशन और आधुनिक लुक देना चाहते हैं, तो फ्लोर-टू-सीलिंग विंडो एक अच्छा विकल्प हो सकती हैं। लेकिन इनका चुनाव सिर्फ खूबसूरती देखकर न करें। घर की दिशा, धूप, गर्मी, प्राइवेसी और खिड़कियों की साफ-सफाई जैसे पहलुओं पर भी ध्यान दें।
