पार्षद से लेकर लोकसभा तक का चुनाव हारे हैं संबित पात्रा लेकिन टीवी डिबेट में कर देते हैं विपक्षी की बोलती बंद, जानिए कितनी प्रॉपर्टी के हैं मालिक
लोकसभा चुनाव के वक्त उनके पास नकदी के रूप में 1.10 लाख रुपए थे वहीं उनके बैंक खाते में 19.42 लाख रुपए जमा थे। संबित पात्रा के पास कोई कार और वाहन नहीं है ।

संबित पात्रा का नाम भारत के टॉप राजनैतिक प्रवक्ताओं में शुमार है। संबित पात्रा अपने जवाब से विपक्षी नेताओं की बोलती बंद कर देते हैं। वो टीवी डिबेट्स में भारतीय जनता पार्टी का पक्ष रखते हुए नजर आते हैं। आइये जानते हैं संबित पात्रा के सफर के बारे में –
लाखों की प्रॉपर्टी के मालिक हैं संबित पात्रा : भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा लाखों की संपत्ति के मालिक हैं। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के मुताबिक उनके पास 72 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति है। लोकसभा चुनाव के वक्त उनके पास नकदी के रूप में 1.10 लाख रुपए थे वहीं उनके बैंक खाते में 19.42 लाख रुपए जमा थे। संबित पात्रा के पास कोई कार और वाहन नहीं है हालांकि गाजियाबाद के लोनी में उनके पास एक मकान जरूर है जिसकी कीमत उन्होंने 45 लाख रुपए बताई थी। इसके अलावा संबित पात्रा के पास 50 ग्राम सोना है जिसकी कीमत 1.5 लाख रुपए बताई गई थी।
मेडिकल अफसर भी रहे हैं संबित पात्रा : भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा मेडिकल अफसर रहे हैं। उन्होंने 1997 में वीएसएस मेडिकल कॉलेज बुर्ला से एमबीबीएस की पढ़ाई की। 2002 में उन्होंने उत्कल यूनिवर्सिटी भुवनेश्वर से मास्टर ऑफ सर्जरी (एमएस) की पढ़ाई की। 2003 में संबित पात्रा ने यूपीएससी की चिकित्सीय सेवा परीक्षा पास की। वो दिल्ली के हिंदू राव हॉस्पिटल में मेडिकल अफसर भी रहे। समाज सेवा और राजनीति के कारण संबित पात्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
2012 में हारे थे दिल्ली निगम पार्षद का चुनाव : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बनने से पहले संबित पात्रा दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता थे। 2012 में संबित पात्रा ने भाजपा के टिकट पर दिल्ली निगम पार्षद का चुनाव लड़े थे। वो कश्मीरी गेट के वार्ड नंबर 77 से चुनावी मैदान में उतरे थे पर उन्हें कांग्रेस के हर्ष शर्मा से हार का सामना करना पड़ा था।
मोदी लहर में भी लोकसभा चुनाव हार गए संबित पात्रा : 2019 में नरेंद्र मोदी की प्रचंड लहर के बावजूद संबित पात्रा लोकसभा चुनाव हार गए थे। वो भाजपा के टिकट पर पुरी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे। उन्हें बीजेडी के पिनाकी मिश्रा से 11,714 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।