चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान पूरे नौ दिनों मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। नवरात्रि का त्योहार पूरे भारत में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान उपासक नौ दिनों का व्रत भी रखते हैं और पूरी श्रद्धा से माता की पूजा-अर्चना करते हैं। नवरात्रि उपवास के दौरान कई बार समझ नहीं आता कि कम समय में व्रत के लिए कौन सी चीज बनाएं जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट को लंबे समय तक भरा रखे। ऐसे में साबूदाना का पराठा आपका समय बचा सकता है और साथ ही यह खाने में स्वादिष्ट भी होता है।

उपवास के दौरान साबूदाने का सेवन अधिक किया जाता है। इससे कई सारे व्यंजन बनाए जाते हैं। हालांकि, ज्यादातर व्यंजन को बनाने में साबूदाना पहले भिगोना पड़ता है। लेकिन आप इसे बिना भिगोए भी पराठा बना सकते हैं। आइए जानते हैं बिना भिगोए साबूदाना का सॉफ्ट और टेस्टी पराठा कैसे बनाएं।

बिना भिगोए सॉफ्ट साबूदाना पराठा रेसिपी | Sabudana Paratha Recipe
सामग्री

  • 1 कप साबूदाना
  • 2 मध्यम आकार के उबले आलू
  • 2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
  • 1 छोटा टुकड़ा अदरक कद्दूकस किया हुआ
  • 2-3 चम्मच भुनी हुई मूंगफली (मिक्सी में पीसी हुई)
  • सेंधा नमक स्वादानुसार
  • थोड़ा हरा धनिया
  • सेंकने के लिए घी

बिना भिगोए सॉफ्ट साबूदाना पराठा बनाने की विधि | Sabudana paratha without soaking

1- रोस्ट करें
सबसे पहले साबूदाना को धीमी आंच पर सूखा भून लें। ध्यान रखें कि इसे लगातार चलाते रहें ताकि यह जले नहीं। जब यह हल्का क्रिस्पी हो जाए और रंग में हल्का बदलाव दिखे, तो गैस बंद कर दें।

2- ऐसे तैयार करें आटा
भुने हुए साबूदाना को पूरी तरह ठंडा होने के लिए रख दें। जब ये ठंडा हो जाए तो इसे मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। इस तरह आपका इंस्टेंट साबूदाना आटा तैयार हो जाएगा।

3- आटा गूंथने का सही तरीका
साबूदाने के आटे में उबले हुए आलू मौश करके डालें। इसके साथ हरी मिर्च, अदरक, मूंगफली पाउडर, सेंधा नमक और हरा धनिया मिला दें। सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर मुलायम आटा गूंथ लें। जरूरत पड़ने पर थोड़ा सा पानी या फिर दही डाल सकते हैं।

4- अगला स्टेप
आटे को ढककर 10-15 मिनट के लिए रख दें। इससे सभी फ्लेवर अच्छे से मिल जाते हैं, जिससे पराठे को बेलने में आसानी हो जाती है।

5- सॉफ्ट पराठा बनाने का सही तरीका
अब छोटी-छोटी लोइयां बनाकर हल्के हाथ से बेलें। गर्म तवे पर घी डालकर पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा और हल्का क्रिस्पी होने तक सेकें। इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर भी मिला सकते हैं। गरम-गरम साबूदाना पराठों को आप दही या व्रत वाली चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।

Also Read
नवरात्रि व्रत में साबूदाने से तैयार करें 4 स्वादिष्ट व्यंजन, रेसिपी