साबूदाना न केवल हेल्दी होता है बल्कि व्रत में इसका सेवन किया जा सकता है। आप साबूदाने से अनोखी फ्यूजन डिश ‘कुरकुरे साबूदाना बोट्स’ भी तैयार कर सकते हैं। यह पारंपरिक साबूदाना वड़ा से कुछ अलग है। होली पार्टी से लेकर व्रत में खाने के लिए परफेक्ट ऑप्शन है। यह खाने में कुरकुरा और स्वादिष्ट लगेगा। आइए जानें साबूदाना क्रिस्प बोट चाट बनाने की विधि।
इन चीजों की पडे़गी जरूरत
साबूदाना की कुरकुरी वोट (खोल) बनाने के लिए
साबूदाना: 1 कप (4-5 घंटे भिगोकर अच्छी तरह से पानी निकाल दें)।
उबले हुए आलू: 2 मध्यम आकार के, छीलकर अच्छी तरह से मैश किए हुए।
भुनी हुई मूंगफली: ¼ कप, दरदरी कुटी हुई।
हरी मिर्च: 1-2, बारीक कटी हुई।
जीरा: 1 छोटा चम्मच।
कॉर्नफ्लोर या अरारोट पाउडर: 1 बड़ा चम्मच (बांधने में मदद करता है और अतिरिक्त कुरकुरा बनाता है)।
नमक: स्वादानुसार (या व्रत के लिए सेंधा नमक)।
तेल: तलने के लिए।
भरावन के लिए
उबला आलू: 1, छोटे टुकड़ों में कटा हुआ।
भुनी हुई मूंगफली: 1 बड़ा चम्मच।
अनार के दाने: 2 बड़े चम्मच।
मसाले: चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर, भुना हुआ जीरा पाउडर।
चटनी के लिए
दही: ½ कप, 1 छोटा चम्मच चीनी के साथ फेंटा हुआ।
हरी चटनी: 2 बड़े चम्मच (धनिया-पुदीना)।
खजूर की चटनी: 2 बड़े चम्मच।
सजावट के लिए
नायलॉन सेव: मुट्ठी भर (या व्रत के समय फराली चिवड़ा)।
ताजा हरा धनिया।
सबसे पहले साबूदाना का आटा तैयार करें
इसे बनाने के लिए सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि आपको साबूदाना ऐसा लेना है जो भिगा हुआ हो,लेकिन उसमें से पानी न टपक रहा हो। इसके बाद एक बड़े कटोरे में साबूदाना को डाल लें। फिर उसमें मसला हुए आलू, कुटी हुई मूंगफली, हरी मिर्च, जीरा, नमक और कॉर्नफ्लोर मिलाएं। इसे आपको हल्के हाथों से गूंथकर नरम, चिपचिपा न होने वाला आटा तैयार करना है। अगर यह आपको ज्यादा चिपचिपा महसूस हो रहा हो तो थोड़ा और कॉर्नफ्लोर या आलू मिला सकते हैं।
इस तरह बनाएं साबूदाने का वोट
इसे बनाने के लिए हथेलियों पर थोड़ा सा तेल लगाएं। इसके बाद मिश्रण का नींबू के आकार का एक गोला लें। फिर इसे हल्के हाथ से हथेली पर चपटा करके अंडाकार आकार दें। इसके बाद अपने अंगूठे से बीच में दबाकर एक गड्ढा बनाएं और किनारों को ऊपर उठाकर नाव या छोटे कटोरे जैसा आकार दें। इस दौरान एक बात का ध्यान दें कि साबूदाने का वोट बनाते समय दीवारें थोड़ी मोटी रखें ताकि तलते समय वे टूटें नहीं, लेकिन बहुत ज्यादा मोटी भी न रखें वरना वे कुरकुरी नहीं बनेंगी।
अब करें फ्राई
कड़ाई या पैन में मध्यम आंच पर तेल गरम करें। इसके बाद धीरे से इन्हें गरम तेल में डालें। मध्यम आंच पर सुनहरा भूरा होने तक और बाहरी परत सख्त और कुरकुरी होने तक तलें। इसके बाद इन्हें निकालकर पेपर टॉवल पर रखें। थोड़ा ठंडा होने दें।
अब करें चाट की तैयारी
कुरकुरे साबूदाना बोट्स को सर्विंग प्लेट पर रखें। खोखले बोट के अंदर उबले हुए आलू के कुछ टुकड़े और भुनी हुई मूंगफली रखें। इसकी दूसरी परत के लिए एक चुटकी चाट मसाला और जीरा पाउडर छिड़कें। फिर तीसरी परत के लिए बोट में मीठा दही डालें। अब चौथी परत: ऊपर से हरी चटनी और इमली की चटनी डालें। फिर पांचवीं परत: ऊपर से नायलॉन सेव (या चिवड़ा) और अनार के दाने डालें। लास्ट में ताजी हरी धनिया पत्ती से सजाएं।
