रूस और यूक्रेन के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव के अंदरूनी इलाकों तक पहुंच गई है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अगले कदम पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हैं। पुतिन की निजी जिंदगी भी कम दिलचस्प नहीं है। अक्टूबर 1952 में जन्में पुतिन की शुरू से ही सिनेमा, खासकर वॉर मूवीज भी दिलचस्पी थी। शुरुआती पढ़ाई लिखाई के बाद उन्होंने रूस की खुफिया एजेंसी केजीबी ज्वाइन की। यहां उन्होंने तेजी से तरक्की की और एक के बाद एक सफल ऑपरेशन को अंजाम देकर लेफ्टिनेंट कर्नल की पोस्ट तक पहुंच गए।
क्यों छोड़ी KGB? साल 1991 में जब सोवियत यूनियन टूटा तो तत्कालीन राष्ट्रपति मिखाइल गोर्बाचोव पर तमाम आरोप लगे, जिनमें करप्शन के मामले भी थे। पुतिन को लगा कि यही वो मौका है जिसका वह लंबे वक्त से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने केजीबी से रिजाइन कर दिया और राजनीति में आ गए। धीरे-धीरे सियासत में उनका कद बढ़ने लगा। 1999 में तत्कालीन राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन के इस्तीफे के बाद जब नेतृत्व का संकट पैदा हुआ तो सबके दिमाग में एक ही नाम आया- व्लादिमीर पुतिन का।
राष्ट्रपति की गद्दी संभालने के बाद पुतिन ने तमाम अंदरूनी मामलों पर तो काम किया ही। सामरिक, आर्थिक और सैन्य मोर्चे पर खासा काम किया और खुद को रूस के ‘गॉडफादर’ के तौर पर स्थापित कर लिया।
क्या पुतिन ने खाई है कसम? सियासी गलियारों में कहा जाता है कि कभी पुतिन ने कसम खाई थी कि वो सोवियत यूनियन को एक करके ही दम लेंगे। साल 2013-14 में जब पुतिन के नेतृत्व में रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमला कर क्रीमिया को कब्जा लिया तो इसे उनके उसी कसम से जोड़कर देखा गया। तब भी कुछ ऐसी ही स्थिति थी जैसी अब है। नाटो, यूक्रेन-क्रीमिया को अपने साथ मिलाने की कवायद कर रहा था। लेकिन क्रीमिया पर कब्जे के बाद मामला ठंडा पड़ गया था।
रहस्य जैसी है पर्सनल लाइफ: व्लादिमीर पुतिन अपनी पर्सन लाइफ को लेकर बेहद पजेसिव हैं। उनकी फैमिली लाइमलाइट से दूर रहती है। पुतिन का उनकी पत्नी से तलाक हो चुका है, जिसकी जानकारी खुद उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान दी थी। बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन की दो बेटियां हैं, मारिया वोरोनत्सोवा (Maria Vorontsova) और कैटरीना तिखोनोवा (Katerina Tikhonova)। हालांकि दोनों की कोई सार्वजनिक तस्वीर नहीं है और न ही दोनों के बारे में कुछ खास जानकारी उपलब्ध है।
फिटनेस और स्पोर्ट्स के शौकीन: व्लादिमीर पुतिन अपनी फिटनेस के लिए भी जाने जाते हैं। 69 साल की उम्र में भी वे बेहद फिट दिखते हैं। कभी नंगे बदन घुड़सवारी तो कभी शूटिंग और कभी साइबेरिया की कड़ाके की सर्दी में तैराकी करते हुए उनकी तस्वीरें वायरल होती रहती हैं। पुतिन को आइस हॉकी और जूडो-कराटे का भी शौक है। कराटे में तो वे ब्लैक बेल्ट होल्डर रहे हैं।
लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी चर्चित: रूसी राष्ट्रपति पुतिन अपनी लग्जरी और लैविश लाइफस्टाइल के लिए भी चर्चित हैं। क्रेमलिन के मुताबिक पुतिन तो सालाना 117,000 अमेरिकी डॉलर सैलरी के रूप में मिलते हैं। अमेरिका के चर्चित निवेशक और कभी रूस के सबसे बड़े विदेशी निवेशक बिल ब्राउडर ने दावा किया था कि पुतिन करीब 200 बिलियन अमेरिकी डॉलर के मालिक हैं। संभवत: वे दुनिया के सबसे अमीर राजनेता हैं।
इसके अलावा उनके पास कई लग्जरी प्रॉपर्टीज भी हैं, जिनमें समुद्र किनारे बसा आलीशान बंगला भी शामिल है। हालांकि क्रेमलिन ने कभी आधिकारिक रूप से यह स्वीकार नहीं किया कि पुतिन ही इस बंगले के मालिक हैं।
रूस के चर्चित विपक्षी नेता एलेक्सी नवालनी ने दावा किया था कि पुतिन के व्यक्तिगत उपयोग के लिए इस बंगले को बनाया गया था। उनके इस दावे के बाद पहली बार ये बंगला दुनिया की नजरों में। 17,000 स्क्वॉयर मीटर में फैले इस बंगले की अनुमानित कीमत एक बिलियन अमेरिकी डॉलर आंकी गई है। इसमें पूल, जिम, कसीनो, सिनेमा हॉल जैसी ऐशो-आराम की सारी सुविधाएं तो मौजूद हैं ही। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी हैं।
15 हेलीकॉप्टर, याच और अनेकों गाड़ियां: रूस के एक और नेता और पुतिन के धुर विरोधी रहे बोरिस नेमस्तोव ने साल 2015 में अपनी हत्या से पहले एक डोजियर पेश किया था, जिसमें उन्होंने पुतिन की लैविश लाइफस्टाइल को लेकर तमाम दावे किये थे। बोरिस नेमस्तोव ने दावा किया था कि पुतिन के पास 15 हेलीकॉप्टर, 4 यॉच और एक प्राइवेट जेट है, जिसमें गोल्ड प्लेटेड टॉयलेट है। साथ ही कई लग्जरी गाड़ियां भी हैं।
महंगी घड़ियों के भी शौकीन: बोरिस नेमस्तोव ने अपने डोजियर में कहा था कि पुतिन लग्जरी घड़ियों के भी शौकीन हैं। उनके पास एक से बढ़कर ब्रांड्स की घड़ियां हैं और इनकी अनुमानित कीमत 687,000 अमेरिकी डॉलर बताई गई थी।