घर में अक्सर रोटियां बच जाती हैं, ऐसे में मन में यही सवाल होता है कि बासी रोटी का क्या करें? बासी रोटी को पीसकर इसमें मूंगफली और गुड़ मिलाकर आप स्वादिष्ट लड्डू बना सकते हैं। सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगेगा और घर में मौजूद चीजों से ही यह तैयार हो जाएगा। अगर आप भी बची हुई रोटी को कुछ नया बनाना चाहती हैं, तो एक बार यह रेसिपी जरूर ट्राई कर सकती हैं। यह टेस्टी भी है पौष्टिक भी। आइए जानें इसकी रेसिपी।

बनाने के लिए इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

बासी रोटी – 3-4
मूंगफली – ½ कप
गुड़ – ½ कप या स्वादानुसार
देसी घी – 2-3 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
कटे हुए काजू/बादाम – 1-2 बड़े चम्मच (वैकल्पिक)
दूध – 1-2 बड़े चम्मच, जरूरत के हिसाब से

अब जानें बनाने का तरीका

सबसे पहले रोटी को कुरकुरा करें

रात में जो रोटी बच जाएं तो उनको छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। फिर इन्हें तवे पर धीमी आंच पर तब तक सेंकें, जब तक रोटी अच्छी तरह कुरकुरी न हो जाए। इस बात का ध्यान रखें कि रोटी जले नहीं।

मूंगफली भून लें

इसके बाद आपको एक पैन में मूंगफली डालकर धीमी-मध्यम आंच पर अच्छी तरह भून लेना है। ठंडी होने पर इसका छिलका उतार लें।

दोनों चीजों को पीसें

अब भुनी हुई रोटी और मूंगफली को मिक्सर में डालकर दरदरा या बारीक पीस लें। आप लड्डू की पसंद के हिसाब से पाउडर को थोड़ा दरदरा रख सकती हैं।

गुड़ तैयार करें

पैन में 1-2 चम्मच घी डालें और उसमें कद्दूकस किया हुआ या बारीक कटा गुड़ डालें। धीमी आंच पर इसे हल्का पिघलने दें। इस बात का ध्यान रखें कि गुड़ को बहुत ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं है।

फिर मिश्रण मिलाएं

अब इसमें रोटी और मूंगफली का पाउडर डालें। साथ में इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें। जरूरत लगे तो थोड़ा और घी डालें।

अब लड्डू बनाएं

गैस बंद करके मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। जब यह हाथ से छूने लायक गर्म रह जाए, तब हथेलियों पर थोड़ा घी लगाकर गोल-गोल लड्डू बना लें। अगर मिश्रण बंध नहीं रहा है तो 1-2 चम्मच दूध डालकर लड्डू बांधे जा सकते हैं।

बासी रोटी और मूंगफली से बने लड्डू खाने के संभावित फायदे

इस रेसिपी में रोटी के साथ मूंगफली और गुड़ का इस्तेमाल होता है, इसलिए इससे कुछ पोषक तत्व मिल सकते हैं। मूंगफली में प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इससे लड्डू में प्रोटीन और हेल्दी फैट की मात्रा बढ़ती है। अगर रोटी गेहूं के आटे से बनी है, तो उससे कार्बोहाइड्रेट और कुछ मात्रा में फाइबर मिल सकता है। रोटी और मूंगफली में मौजूद कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, फैट और फाइबर की वजह से इस लड्डू को खाने पर पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है।