अगर आप भी मीठा खाने के शौकीन हैं और ऐसा कोई विकल्प तलाश रहे हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक, बजट-फ्रेंडली और बिना मिलावट की हो, तो भुने हुए चने (रोस्टेड चना) से बनी मिठाइयां आप बना सकते हैं। भुने चने में प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं, जो लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद कर सकते हैं।

घर पर बनने वाली ये मिठाइयां बाजार की कई मिठाइयों की तुलना में कम प्रोसेस्ड होती हैं और इनमें आप अपनी पसंद के अनुसार चीनी या गुड़ की मात्रा भी कम या ज्यादा कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाने में ज्यादा समय या महंगी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती है। इतना ही नहीं सही तरीके से स्टोर करने पर कई दिनों तक सुरक्षित रखी जा सकती हैं।

भुने चने और गुड़ के लड्डू

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

2 कप भुने हुए चने
1 कप गुड़ (कद्दूकस किया हुआ)
3-4 बड़े चम्मच देसी घी
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
2 बड़े चम्मच कटे हुए बादाम
2 बड़े चम्मच कटे हुए काजू
1 बड़ा चम्मच तिल (वैकल्पिक)

नोट कर लें बनाने का तरीका

सबसे पहले भुने चनों का छिलका निकाल लें और मिक्सर में दरदरा पीस लें। इसके बाद एक कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें गुड़ डालकर धीमी आंच पर पिघला लें। इस बात का ख्याल रखें कि गुड़ को ज्यादा न पकाएं। अब इसमें पिसा हुआ चना, इलायची पाउडर, बादाम, काजू और तिल डालकर अच्छी तरह मिला लें।

जब मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए और हाथ से संभालने लायक रहे, तब छोटे-छोटे लड्डू बना लें। इसे स्टोर करते समय इस बात का ध्यान रखें कि लड्डू जब पूरी तरह ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखें। सामान्य मौसम में 10-12 दिन तक सुरक्षित रहते हैं। फ्रिज में रखने पर 3-4 सप्ताह तक अच्छे रह सकते हैं।

भुने चने की बर्फी

बनाने के लिए जरूरी चीजें

2 कप भुने हुए चने
1 कप दूध
¾ कप गुड़ का पाउडर या बूरा
2 बड़े चम्मच घी
¼ कप मिल्क पाउडर (वैकल्पिक, अधिक क्रीमी स्वाद के लिए)
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
कटे हुए पिस्ता और बादाम

अब जानें बनाने की विधि

सबसे पहले भुने हुए चनों को बारीक पीस लें। फिर कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें चने का पाउडर 2-3 मिनट हल्का भून लें। इसके बाद दूध डालकर लगातार चलाएं ताकि गांठें न बनें। फिर गुड़ डालें और धीमी आंच पर मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक यह गाढ़ा होकर पैन छोड़ने न लगे।

इसके बाद इलायची पाउडर और मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। फिर घी लगी ट्रे या प्लेट में मिश्रण फैलाएं, ऊपर से बादाम-पिस्ता डालें और हल्का दबा दें। 1-2 घंटे सेट होने दें, फिर मनचाहे आकार में काट लें। इसे आप एयरटाइट कंटेनर में रखें। यह कमरे के तापमान पर 2-3 दिन तक सुरक्षित रहती है। वहीं फ्रिज में 7-10 दिन तक स्टोर कर सकते हैं।