Chawal ki kachri banane ka tarika: होली नजदीक आते ही घरों में चिप्स-पापड़ बनने शुरू हो जाते हैं। आलू के चिप्स, साबूदाने के पापड़ से लेकर चावल की कचरी बनाई जाती हैं। इन्हें घूप में सुखाकर तैयार किया जाता है और फिर सालभर तक स्टोर किया जाता है। कुछ लोगों की शिकायत होती है कि जब भी वो चावल की कचरी-पापड़ बनाते हैं तो वो बहुत ज्यादा बर्तन में चिपक जाता है। ऐसे में फूड व्लॉगर पायल से जानेंगे चावल के पापड़ बनाते समय किन बातों का ध्यान रखें ताकि इन्हें सही तरीके से जल्दी तैयार किया जा सके। यहां बताए तरीके से आप क्रिस्पी चावल के सफेद पापड़ और कचरी बना पाएंगे। साथ ही आपको चावल के पापड़-कचरी, कुरैरी बनाने के लिए मिश्रण को भाप पर पकाना भी नहीं पड़ेगा।
इस तरह करें चावल की कचरी-पापड़ बनाते समय तैयारी
चावल की कचरी-पापड़ बनाने के लिए आपको भारी तले के बर्तन का इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसा करने से चावल का मिश्रण बर्तन में चिपकने की दिक्कत कम होती है। भारी तला होने की वजह से यह जल्दी नहीं चिपकता है। पानी में जब चावल चावल का आटा डालें तो उसे लगातार चलाते रहें। ऐसा करने से गुठलियां नहीं पड़ती हैं और यह चिपकेगा भी नहीं। मिश्रण को हमेशा धीमी आंच पर पकाएं। उसे तब तक पकाएं जब तक वह पारदर्शी और गाढ़ा न हो जाए। आपका पापड़ वाला मिश्रण जितना अच्छी तरह से पकेगा कचरी हमेशा उतनी ही खिली-खिली बनेंगी। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें जीरा या अजवाइन मिला सकते हैं।
चावल की कचरी बनाने की विधि
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
चावल – 1 कटोरी
पानी – 2 कटोरी
स्वादानुसार नमक
तलने के लिए तेल
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
काली मिर्च – 1/2 छोटा चम्मच
घी – 1 बड़ा चम्मच
चावल को धोकर कुकर में चावल और 2 कटोरी पानी में डालें। इसके बाद नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च और घी डालें। इसे 3-4 सीटी आने तक पकाएं। गैस ऑफ कर दें और कुकर का प्रेशर निकलने दें। फिर उसे खोलकर चावल को मैश करके कोन में भरें। एक पॉलीथीन बिछा लें। इसके ऊपर हल्का सा तेल लगा दें। फिर पाइपिंग बैग की मदद से पॉलीथीन पर लम्बी-लम्बी या गोल-गोल कचरी बना लें। आपको जैसा आकार पसंद है आप इससे बना सकते हैं। इन्हें 1-2 दिन धूप में सुखाएं।
चावल के पापड़ बनाने की सामग्री
चावल का आटा एक कप
पानी 9 कप
नमक एक चम्मच
जीरा एक छोटा चम्मच
चिली फ्लैक्स एक छोटा चम्मच
कुटी हुई काली मिर्च एक छोटा चम्मच
धनिया की बारीक कटी पत्तियां
चावल के पापड़ बनाने का तरीका
पापड़ बनाने के लिए आप एक कप या कटोरी या जिस बर्तन से आप चावल का आटा नाप रहे हो। ठीक उसी बर्तन से 9 गुना यानी कप या कटोरी पानी डालना है। ऐसा करने से अनुपात सही रहेगा और यह पापड़ का मिश्रण सही बनेगा। चावल का पापड़ बनाने के लिए बड़ा भगोने या कोई भारी तले का बर्तन लें।। उसमें 9 कप पानी लें। उसमें एक कप चावल का आटा मिलाएं। इसे अच्छी तरीके से घोल लें। ठंडे पानी में ही चावल का आटा घोलने ले यह आसानी से घुल जाएगा। जब चावल पानी में घुल जाए तब गैस की फ्लेम को ऑन करें। धीरे-धीरे चलाते हुए पकाएं। इसे थोड़ा गाढ़ा कर लें। इसके बाद फ्लेम को बंद कर दें। इसमें कुटी लाल मिर्च, कुटी काली मिर्च, बारीक कटी फ्रेश हरी धनिया के पत्ते डालें। जीरा और नमक भी मिलाएं। मिक्स करके किसी छोटे बर्तन में थोड़ा सा मिक्सचर निकाल लें। बाकी को अच्छी तरह बंद करके रख दें ताकि यह जल्दी से ठंडा ना हो। जमीन पर प्लास्टिक की शीट बिछाकर उसके ऊपर हल्का तेल लगा लें। फिर करछूल की मदद से घोल को गोल-गोल आकार में डालें। आप अपनी पसंद के मुताबिक पापड़ का साइज और डिजाइन रख सकते हैं। पापड़ को धूप में सुखाएं। या फिर पंखे के नीचे भी सूखा सकते हैं।
