घर पर कई बार चावल बच जाते हैं, जिन्हें अधिकतर लोग फेंक देते हैं। ऐसे में आप उनसे स्वादिष्ट चीला भी तैयार कर सकते हैं। दरअसल, चावल से बनने वाला चीला झटपट तैयार हो जाता है और सुबह के नाश्ते के लिए यह परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है।
अगर आप सुबह के समय कम समय में कुछ हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं। बचे हुए चावल में बेसन और सब्जियां मिलाकर तैयार किया गया चीला स्वाद में लाजवाब होता है। इसे आप बच्चों के टिफिन में दे सकते हैं।
चावल का चीला बनाने की सामग्री
1 कप बचे हुए चावल
आधा कप बेसन
1 बारीक कटा प्याज
1 बारीक कटी हरी मिर्च
2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
नमक
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच जीरा
पानी
सेंकने के लिए तेल
चावल का चीला कैसे बनाएं?
चावल का चीला बनाने के लिए सबसे पहले मिक्सर में बचे हुए चावल डालकर हल्का पीस लें। इससे एक दरदरा पेस्ट तैयार हो जाएगा। अब इस पेस्ट को एक बाउल में निकालें और इसमें बेसन, कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, लाल मिर्च पाउडर और जीरा डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
अब इसमें पानी डालकर घोल तैयार करें। हालांकि, इस बात का खास ध्यान रखें कि बैटर अधिक पतला न हो। अब गैस पर तवा रखें। इस दौरान फ्लैम मीडियम ही रखें। अब तवे पर हल्का-सा तेल लगाएं और एक कलछी बैटर डालकर गोल आकार में फैलाएं। अब चीले को तब तक पकाएं, जब तक वह नीचे की तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी न हो जाए। इसी तरह इसे दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें। इस प्रकार आप चावल का चीला आसानी से तैयार कर सकते हैं।
