लगभग हर किसी की अलमारी में टी-शर्ट एक अच्छा-खासा कलेक्शन होता है। फैशन का ट्रेंड समय-समय पर बदलता रहता है, ऐसे में काफी लोग ट्रेंड के अनुसार नई टी-शर्ट खरीद लेते हैं और पुरानी टी-शर्ट्स को अलमारी के किसी कोने में रख देते हैं। इसमें से कई पुरानी टी-शर्ट का फैब्रिक मजबूत होता है और वे इतनी पुरानी भी नहीं होतीं कि उनका इस्तेमाल न किया जा सके।

अगर आपके पास भी ऐसी ही पुरानी टी-शर्ट अलमारी के किसी कोने में घूल खा रही हैं, तो आप उनका दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। खासकर जिनके घर में 5 से 8 साल की बेटी है, वे इन पुरानी टी-शर्ट की मदद से उसके लिए कई स्टाइलिश, आरामदायक और ट्रेंडी कपड़े तैयार कर सकते हैं।

1- फ्रिल वाली फ्रॉक

पुरानी टी-शर्ट की मदद से आप अपनी बेटी के लिए एक स्टाइलिश और सुंदर फ्रिल वाली फ्रॉक तैयार कर सकते हैं। इसके लिए बड़ी टी-शर्ट के ऊपरी हिस्से को काटकर और नीचे फ्रिल जोड़कर फ्रॉक बना सकते हैं। चाहें तो अलग-अलग रंग की टी-शर्ट की फ्रिल लगाकर इसे और भी सुंदर बना सकते हैं। इसके लिए बेटी की किसी पुरानी फ्रॉक को पैटर्न की तरह इस्तेमाल करें। उसी आकार में टी-शर्ट को काट लें। नीचे फ्रिल जोड़कर सिलाई करें। सामने फैब्रिक फ्लावर या बो लगाकर सजा भी सकते हैं।

2- टॉप और लेगिंग्स

आप अपनी पुरानी टी-शर्ट्स की मदद से बेटी के लिए एक सुंदर और आरामदायक टॉप और लेगिंग्स बना सकते हैं। यह घर पर पहनने के लिए बेहद आरामदायक विकल्प साबित हो सकता है। इसे आप दर्जी से बनवाएं तो ज्यादा बेहतर होगा।

3- फ्रॉक स्टाइल नाइट सूट

अगर आपके पास ढीली और लंबी टी-शर्ट है, तो उससे अपनी बेटी के लिए एक आरामदायक फ्रॉक स्टाइल नाइट सूट तैयार कर सकते हैं। इसके लिए बेटी के साइज के अनुसार टी-शर्ट की लंबाई तय करें और जरूरत हो तो नीचे का हिस्सा काट दें। दोनों साइड से हल्की फिटिंग देते हुए सिलाई कर दें। गले और बाजुओं के किनारों पर कॉटन लेस या फ्रिल लगा दें। इसे छोटी पॉकेट, कार्टून पैच या रंगीन रिबन लगाकर और भी आकर्षक बना सकते हैं।

4- स्कर्ट

पुरानी टी-शर्ट की मदद से आप बेटी के लिए एक स्टाइलिश स्कर्ट भी तैयार कर सकते हैं। टी-शर्ट का निचला हिस्सा लंबाई के अनुसार काट लें और ऊपरी तरफ कपड़ा मोड़कर इलास्टिक डालकर सिल दें।

5- शॉर्ट्स

मुलायम कॉटन की टी-शर्ट है तो उससे अलग-अलग डिजाइन के सुंदर शॉर्ट्स तैयार कर सकते हैं। इन शॉर्ट्स को वह घर पर पहनने के साथ ही बाहर खेलने-कूदने भी जा सकती है।

6- ट्यूनिक टॉप

ट्यूनिक टॉप एक लंबा और ढीला-ढाला टॉप होता है, जिसकी लंबाई आमतौर पर कम से लेकर घुटनों के बीच तक होती है। ऐसे में आप अपनी पुरानी टी-शर्ट की मदद से बेटी के लिए एक स्टाइलिश, आरामदायक और सुंदर ट्यूनिक टॉप तैयार कर सकते हैं।

7- को-ऑर्ड सेट

बच्चों पर को-ऑर्ड सेट बहुत सुंदर लगता है, जिसे आप अपनी पुरानी टी-शर्ट से भी बना सकते हैं। अगर आपके पास एक जैसे पैटर्न वाली दो पुरानी टी-शर्ट्स हैं, तो उनसे मैचिंग को-ऑर्ड सेट तैयार किया जा सकता है।

Also Read
पुरानी डेनिम जींस से बनाएं बच्चों के लिए 5 स्टाइलिश कपड़े, यहां देखें यूनिक आइडिया