त्योहारों के मौके पर लोग अपने घर को पारंपरिक लुक देने के लिए वॉल हैंगिंग का भी खूब इस्तेमाल करते हैं। खासकर दिवाली के मौके पर घर के प्रवेश द्वार से लेकर लिविंग रूम और अन्य घर की दीवारों पर खूबसूरत वॉल हैंगिंग लगाया जाता है। वैसे तो बाजार में एक से बढ़कर एक वॉल हैंगिंग मौजूद हैं, लेकिन आप इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं। अगर आपके पास पुराने मेटल या मोटे डिजाइन वाले कंगन हैं, तो इनकी मदद से खूबसूरत वॉल हैंगिंग तैयार कर सकते हैं। अक्सर कंगन पुराने हो जाने पर इन्हें या तो फेंक दिया जाता है या किसी कोने में रख देते हैं।
1- मोतियों से सजाएं
पुराने कंगनों से वॉल हैंगिंग बनाने के लिए मोतियों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए दो से तीन पुराने मोटे कंगन लें। अगर आपके पास सुनहरे, लाल या हरे रंग के कंगन हैं, तो उनसे सुंदर वॉल हैंगिंग बनाई जा सकती है।
बनाने का तरीका
सबसे पहले कंगनों को अच्छी तरह साफ कर लें। अब इन पर सुनहरे रंग की सजावटी लेस या छोटे मोती चिपकाएं। कंगनों को एक-दूसरे के नीचे अलग-अलग दूरी पर रखें। इन्हें जोड़ने के लिए मजबूत सुनहरे धागे या साटन रिबन का इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे नीचे मोतियों की लंबी लड़ियां लगाएं। बीच में छोटे सजावटी लटकन या घुंघरू भी लगा सकते हैं। सबसे ऊपर एक मजबूत रिबन का लूप लगाएं, ताकि इसे दीवार पर आसानी से टांगा जा सके।
2- रंगीन वॉल हैंगिंग
दिवाली के मौके पर दीवार को खास तरह से सजाने के लिए रंगीन वॉल हैंगिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए पुराने कंगनों को रंगी रेशमी या ऊनी धागों से सजा सकते हैं।
बनाने का तरीका
सबसे पहले तीन से चार मोटे कंगन लें। अब लाल, पीले, हरे या सुनहरे रंग के रेशमी धागे चुनें। कंगनों पर धागे को एक सिरे से लपेटना शुरू करें। इसे इस तरह लपेटें कि कंगन का पूरा हिस्सा ढक जाए। धागे के दोनों सिरों को गोंद से अच्छी तरह चिपका दें। अब सभी कंगनों को मजबूत धागे की मदद से एक-दूसरे के नीचे जोड़ दें। इनके बीच में छोटे मोती या सजावटी सितारे लगा सकते हैं। सबसे नीचे रंगीन धागों की लंबी लड़ियां बांध दें। इस तरह आप घर पर ही आराम से एक खूबसूरत वॉल हैंगिंग तैयार कर सकते हैं। इसे आप बेडरूम से लेकर बालकनी तक की दीवार पर लगा सकते हैं।
3- मिरर से करें सजावट
दिवाली पर घर को खास लुक देने के लिए आप मिरर वर्क वाला वॉल हैंगिंग भी बना सकते हैं। पुराने कंगनों पर मिरर वर्क करके उन्हें खूबसूरत और पारंपरिक लुक दिया जा सकता है।
बनाने का तरीका
इसके लिए दो से तीन पुराने मोटे कंगन लें और इन्हें साफ करके सुनहरे रंग की लेस या रिबन से सजा दें। अब छोटे गोल या चौकोर सजावटी शीशे लें। शीशों को कंगन की बाहरी सतह पर बराबर दूरी पर चिपकाएं। कंगनों को अलग-अलग लंबाई के सुनहरे धागों से जोड़ दें। नीचे की तरफ मोतियों और छोटे घुंघरुओं के लटकन लगाएं। ऊपर की ओर मजबूत रिबन का लूप बनाएं। इसे आप दीवार पर लाइटिंग के आसपास लगा सकते हैं। इससे शीशों पर पड़ने वाली रोशनी सजावट को और खूबसूरत बना सकती है।
यह भी पढ़ें
बालकनी में लाइटिंग करने का सही तरीका, साधारण झालर को बनाएं आकर्षक
