त्योहारों और शुभ अवसरों पर लोग मुख्य दरवाजे को सजाने के लिए फूलों, आम के पत्तों, मोतियों और रंग-बिरंगे सजावटी सामान से बने तोरण का इस्तेमाल करते हैं। खासकर दिवाली के मौके पर लोग अपने घर के मुख्य दरवाजे और मंदिर को सजाने के लिए तोरण का इस्तेमाल करते हैं। यह घर को पारंपरिक लुक देने में भी मदद करता है। बाजार में कई तरह के डिजाइन वाले तोरण मिल जाते हैं, लेकिन आप घर पर भी आसानी से पुरानी चूड़ियों और मोतियों की मदद से एक खूबसूरत और आकर्षक तोरण तैयार कर सकते हैं।

महिलाओं के पास चूड़ियों का एक बड़ा कलेक्शन होता है, जिन्हें वे साड़ी, ड्रेस, सूट और अन्य पहनावे के साथ कैरी करती हैं। कई बार चूड़ियां पुरानी हो जाती हैं, तो उन्हें या तो फेंक दिया जाता है या वे अलमारी के किसी कोने में बेकार पड़ी धूल खा रही होती हैं। अगर आपके पास भी पुरानी चूड़ियां हैं, तो उनकी मदद से दिवाली के मौके पर एक खूबसूरत तोरण तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे घर पर खुद से कैसे तैयार करें:

तोरण बनाने के लिए सामान

अलग-अलग रंगों की पुरानी चूड़ियां
छोटे और बड़े आकार के मोती
रंगीन ऊन या मजबूत सजावटी धागा
सुनहरी या सिल्वर लेस
आर्टिफिशियल फूल और पत्तियां
कैंची
गोंद या हॉट ग्लू गन
सजावटी लटकन
रिबन या साटन की पट्टी
तोरण टांगने के लिए मजबूत डोरी

हालांकि, तोरण बनाने के लिए एक ही रंग की चूड़ियों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, कांच की चूड़ियों के बजाय प्लास्टिक या धातु की चूड़ियां इस्तेमाल करने से तोरण मजबूत बन सकता है।

तोरण बनाने का तरीका

सबसे पहले चूड़ियों को साफ करके उनके रंग और आकार के हिसाब से अलग-अलग कर लें। पारंपरिक लुक के लिए लाल, हरे, पीले और सुनहरे रंग की चूड़ियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हें आप अपने घर के रंग के अनुसार पेंट भी कर सकते हैं। इसके बाद एक मजबूत धागा या डोरी लें। चूड़ियों को आपस में जोड़कर गोल आकार के डिजाइन तैयार कर लें। इन चूड़ियों को मजबूत धागे, तार या सजावटी रिबन की मदद से आपस में जोड़ दें। इसी तरह कई छोटे-छोटे फूल या गोल डिजाइन तैयार कर लें। अब इन्हें एक लंबी डोरी पर बराबर दूरी पर लगाकर तोरण का आकार दें।

मोतियों से सजाएं

इसके बाद तोरण को आकर्षक लुक देने के लिए सफेद, सुनहरे, लाल या मोतियों जैसे दिखने वाले रंगीन बीड्स का इस्तेमाल करें। चूड़ियों के गोल घेरे के बीच में एक बड़ा मोती लगाएं। इससे फूल जैसा डिजाइन उभरकर आएगा। इसके साथ ही चूड़ियों के किनारों पर छोटे-छोटे मोती चिपकाकर इन्हें आकर्षक भी बना सकते हैं। तोरण के नीचे की तरफ मोतियों की छोटी-छोटी लड़ियां लगाएं। अलग-अलग आकार के मोतियों को धागे में पिरोकर चूड़ियों के बीच में भी लटका सकते हैं। इसके अलावा मोतियों के साथ सुनहरे रंग के छोटे घुंघरू या सजावटी लटकन भी लगा सकते हैं।

फूलों से करें सजावट

तोरण को पारंपरिक लुक देने के लिए इसमें कृत्रिम फूलों और पत्तियों को जोड़ सकते हैं। चूड़ियों के गोल आकार के बीच में छोटे गुलाब, गेंदा या कमल के कृत्रिम फूल लगाएं। किनारों को हरे रंग की पत्तियों से सजा दें। वहीं, तोरण के निचले हिस्से में मोतियों की लटकन लगाएं। इसके लिए अलग-अलग लंबाई के धागे काट लें। इनमें छोटे और बड़े मोतियों को बारी-बारी से पिरो दें। इन मोतियों की लड़ियों को तोरण के निचले हिस्से में बराबर दूरी पर बांध दें। इसके बाद तोरण के ऊपरी हिस्से में मजबूत डोरी या रिबन बांधें। अब आप इसे मुख्य दरवाजे के ऊपर दोनों तरफ हुक की मदद से लगा सकते हैं।

यह भी पढ़ें
दीवाली पर नहीं चाहते ज्यादा तामझाम, तो इन 3 तरीकों से लगाएं लाइट्स