आज के समय में मोमबत्ती का इस्तेमाल केवल अंधेरे में रोशनी के लिए नहीं, बल्कि डाइनिंग टेबल, शादियों या पार्टियों में रोमांटिग और खुशनुमा माहौल बनाने के लिए भी किया जाता है। अक्सर लोग अपनी पार्टनर के साथ डिनर डेट पर जाना पसंद करते हैं। इस दौरान टेबल और इसके आसपास एक से बढ़कर एक फैंसी कैंडल्स से सजाया जाता है, जो माहौल को और भी ज्यादा रोमांटिक बना देता है।

घर पर भी लोग कैंडल का खूब इस्तेमाल करते हैं। कई बार ये पूरी तरह नहीं जल पाती हैं और नीचे छोटा सा टुकड़ा रह जाता है, जिसे लोग अक्सर बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी के जरिए इन टुकड़ों को फिर से इस्तेमाल किया जाता है। इनका इस्तेमाल आप घर की सजावट के लिए कर सकते हैं। आइए जानते हैं किस तरह बची हुई मोमबत्ती के टुकड़ों को फिर से इस्तेमाल करें।

ग्लास जार डेकोर

अगर आपके पास पुराने फैंसी जार या बोतल हैं तो यह आपके घर को रिफ्रेंस और लग्जरी लुक देने में मदद कर सकते हैं। इन जार में आप मोमबत्ती के टुकड़ों को पिघलाकर डाल दें। अगर कई सारे जार हैं तो हर जार में आप वैक्स डालकर एलिगेंट कैंडल होल्डर बना सकते हैं। इसमें सूखे फूल, ग्लिटर या छोटे पत्थर डालकर इसे और भी अधिक आकर्षक बना सकते हैं। इसे आप अपने लिविंग रूम या बेडरूम में रख सकते हैं।

रंग-बिरंगी डिजाइनर कैंडल

अगर आपके पास अलग-अलग रंगों की बची हुई मोमबत्तियां हैं तो आप इन्हें पिघलाकर नई मल्टीकलर कैंडल तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक कंटेनर मोमबत्तियों को लेयर बाय लेयर पिघलाकर डाल दें। हर लेयर को थोड़ा सेट होने दें ताकि डिजाइन साफ नजर आए। इसे आप अपने बेडरूम या लिविंग रूम में रख सकते हैं। डिनर के दौरान भी ये मोमबत्तियां एक ताजगीभरा और रोमांटिक माहौल बना सकती हैं।

फ्लोटिंग कैंडल

अगर आप अपने कमरे को थोड़ा अलग और आकर्षक लुक देना चाहते हैं, तो फ्लोटिंग कैंडल रख सकते हैं और इसे आप बची हुई मोमबत्तियों के टुकड़ों से तैयार कर सकते हैं। इन्हें पानी से भरे बाउल में फूलों के साथ सजा दें। इससे आपका कमरा अधिक एलिगेंट और आकर्षक लगेगा।

दालचीनी स्टिक कैंडल

अगर आप अपने घर को सुगंध से भरना चाहते हैं तो दालचीनी स्टिक कैंडल बना सकते हैं। इसके लिए एक पुराने जार के चारों ओर दालचीनी की स्टिक लगा दें और उसे किसी रिबन से बांध दें। अब मोमबत्तियों के टुकड़ों को पिघलाकर इस जार में भर दें। यह दिखने में खूबसूरत होने के साथ ही हल्की भीनी-भीनी खुशबू भी देती है, जिससे पूरे घर का माहौल खुशनुमा बना रहता है।

अरोमा कैंडल

आप बची हुई मोमबत्तियों के टुकड़ों से अरोमा कैंडल भी बना सकते हैं। बाजार में ये काफी महंगे मिलते हैं, लेकिन आप इसे घर पर ही आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए बचे हुए मोम को पिघलाने के दौरान उसमें लैवेंडर, रोज, वनीला या लेमनग्रास एसेंशियल ऑयल मिला दें। यह कमरे को महकाने और रिलैक्स माहौल बनाने में मदद करती है।

Also Read
पुरानी चेक शर्ट का सही से करें इस्तेमाल, बेटे के लिए बनवाएं इतने तरह के स्टाइलिश कपड़े