कबाब अपने लाजवाब स्वाद, बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम टेक्सचर के लिए जाना जाता है। इसे बच्चे हों या बड़े, सभी बड़े चाव से खाते हैं। कबाब भारत के लोकप्रिय स्ट्रीट फूड्स और स्टार्टर में से एक है, जो हर जगह आसानी से मिल जाता है। चाहे नॉन-वेज कबाब हो या फिर वेज कबाब, दोनों ही लोग खूब पसंद करते हैं। हालांकि, अधिकतर लोगों को लगता है कि रेस्टोरेंट या बाजार जैसा स्वादिष्ट कबाब घर पर नहीं बना सकते। लेकिन सही सामग्री और मसालों की मदद से आप घर पर भी बिल्कुल रेस्टोरेंट स्टाइल में कबाब तैयार कर सकते हैं।

आप घर पर उड़द दाल कबाब भी तैयार कर सकते हैं। उड़द दाल में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, आयरन, कैल्शियम से लेकर पोटैशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ऊर्जा और मजबूती देने में मदद करते हैं। उड़द दाल कबाब को आप शाम की हल्की भूख से लेकर घर पर आने वाले मेहमानों या छोटी पार्टी के लिए भी बनाया जा सकता है। इसकी रेसिपी भी काफी आसान है।

उड़द दाल कबाब बनाने के लिए सामग्री

1 कप धुली उड़द दाल (4-5 घंटे या रातभर भिगोई हुई)
1 मध्यम आकार का उबला आलू (मैश किया हुआ)
1 बारीक कटा प्याज
2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
1/4 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
1/4 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला (वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
2-3 बड़े चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स या भुना बेसन
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार तेल

उड़द दाल कबाब बनाने की आसान विधि

भीगी हुई उड़द दाल का पानी निकाल कर उसे एक मिक्सर में दरदरा पीस लें। पेस्ट पतला नहीं होना चाहिए। अब एक बड़े बर्तन में उड़द दाल पेस्ट, आलू, प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरा धनिया डालें। अब इसमें भुना जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, काली मिर्च, लाल मिर्च, कसूरी मेथी, चाट मसाला और नमक मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।

मिश्रण ढीला लगे तो इसमें ब्रेड क्रम्ब्स या भुना बेसन डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब हाथों पर हल्का सा तेल लगा कर मिश्रण की लोई लें और अपनी पसंद अनुसार गोल या टिक्की जैसा आकार दे दें।

अब एक नॉन-स्टिक तवा या कड़ाही में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें। इसके बाद कबाब डालकर दोनों तरफ से 3-4 मिनट तक सुनहरा और कुरकुरा होने तर सेंक लें। तैयार उड़द दाल कबाब को आप हरी धनिया-पुदीना की चटनी, इमली की मीठी चटनी या फिर दही के साथ गरमागरम परोस सकते हैं।

Also Read
बारिश में बनाएं मशरूम के कुरकुरे पकौड़े, जानें आसान और स्वादिष्ट रेसिपी