अगर आपने अब तक स्वीट कॉर्न का इस्तेमाल सिर्फ सूप, सलाद या चाट में किया है, तो एक बार यह मसालेदार स्वीट कॉर्न सब्जी जरूर ट्राई करें। इसका हल्का मीठा स्वाद, क्रीमी ग्रेवी और खुशबूदार मसाले इसे रोज की सब्जियों से बिल्कुल अलग बनाते हैं। इसे रोटी, पराठे या जीरा राइस के साथ परोसा जा सकता है। बारिश के सुहावने मौसम में आप इसे डिनर के लिए बना सकते हैं।
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
2 कप उबले हुए स्वीट कॉर्न
2 मध्यम आकार के प्याज (बारीक कटे)
2 टमाटर (पीसकर प्यूरी बना लें)
8–10 काजू (15 मिनट भिगोकर पेस्ट बना लें)
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
2 हरी मिर्च (बारीक कटी)
½ छोटा चम्मच जीरा
½ छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च
½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
½ छोटा चम्मच गरम मसाला
½ छोटा चम्मच कसूरी मेथी
2 बड़े चम्मच ताजा दही (फेंटा हुआ)
1 बड़ा चम्मच ताजा क्रीम (वैकल्पिक)
2 बड़े चम्मच तेल या घी
स्वादानुसार नमक
हरा धनिया
सब्जी का टेस्ट बढ़ाने के लिए अपनाएं ये ट्रिक
पूरे उबले हुए कॉर्न में से लगभग ¼ कप कॉर्न अलग निकालकर पीस लें। यही पेस्ट ग्रेवी को गाढ़ा और हल्की मिठास वाला स्वाद देगा। इससे अलग से कॉर्नफ्लोर डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस तरह बनाएं
सबसे पहले आपको मसाले तैयार करने होंगे। इसके लिए आप कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। जीरा डालें। फिर प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर 1 मिनट तक पकाएं। फिर टमाटर की प्यूरी डालें। हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, कश्मीरी मिर्च और नमक मिलाकर तब तक पकाएं, जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे। इसके बाद काजू का पेस्ट डालें और 2–3 मिनट धीमी आंच पर भूनें।
फिर आपको इसे आंच धीमी रखना है। इसके बाद फेंटा हुआ दही डालते हुए लगातार चलाएं ताकि दही फटे नहीं। फिर आपको इसमें कॉर्न पेस्ट मिलाना है। अब पहले से तैयार किया हुआ पीसा हुआ स्वीट कॉर्न डालें और 2 मिनट तक पकाएं। अब पूरे उबले हुए स्वीट कॉर्न डालें।
जरूरत के अनुसार आधा से एक कप गर्म पानी मिलाएं और 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। अब आती है फाइनल टच देने की बारी। फिर आपको गरम मसाला, भुना जीरा पाउडर और हथेली से मसलकर कसूरी मेथी डालना है। चाहें तो एक बड़ा चम्मच ताजा क्रीम मिला सकते हैं। ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।
स्वाद बढ़ाने के लिए टिप्स
आखिर में आधा छोटा चम्मच मक्खन डालने से स्वाद और बेहतर हो जाता है। अगर हल्का स्मोकी फ्लेवर पसंद है, तो तैयार सब्जी को 2 मिनट के लिए कोयले का धुआं (धुंगार) दे सकते हैं। थोड़ा पनीर कद्दूकस करके ऊपर से डालने पर यह सब्जी और रिच बन जाती है। आप इसे तंदूरी रोटी, बटर नान, लच्छा पराठा, जीरा राइस, मटर पुलाव के साथ सर्व कर सकते हैं।
