Methi Malai Paneer Recipe: घर पर कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं, जो स्वाद में रेस्टोरेंट जैसा लगे और घर के सभी लोगों को पसंद आए, तो मेथी मलाई पनीर एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। अगर घर पर मेहमान आने वाले हैं या वीकेंड पर कुछ स्पेशल बनाना है तो इस रेसिपी को ट्राई किया जा सकता है। ये स्वादिष्ट रेसिपी बड़ों के साथ-साथ बच्चों को भी पसंद आ सकती है। इसे आप कम सामग्री के साथ घर पर आसानी से बना सकते हैं।
पनीर की सब्जी अपने आप में स्वादिष्ट और पौष्टिक होती है और अगर इसे हरी मेथी के साथ बनाया जाए, तो इसका जायका लाजवाब हो सकता है। हरी मेथी का अपना स्वाद होता है और मलाई के साथ मिलकर इसका कड़वापन भी खत्म हो जाता है। यहां दी गई रेसिपी की मदद से आप इसे बना सकते हैं।
सामग्री
पनीर- 250 ग्राम
हरी मेथी- 150 ग्राम
ताजी मलाई – 1 कप
हल्दी पाउडर- 1/2 चम्मच
जीरा- 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला- 1/2 चम्मच
तेल- 2 चम्मच
टमाटर- दो
प्याज- एक
काजू- सात-आठ
अदरक- आधा इंच
लहसुन- तीन-चार कलियां
हरी मिर्च- दो
लाल मिर्च पाउडर- एक चम्मच
धनिया पाउडर- आधा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
बनाने का तरीका
सबसे पहले पनीर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और हरी मेथी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर इसे भी बारीक काट लें। इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डाल कर चटकने तक भूनें। अब इसमें कटा हुआ प्याज डालें और हल्का सुनहरा रंग आने तक भूनें। फिर कटा हुआ अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और बारीक कटे हुए काजू इसमें डालें। इन्हें लगातार चम्मच से चलाते हुए कुछ सेकंड तक भूनें। इसके बाद कटे हुए टमाटर डाल कर उन्हें धीमी आंच पर नरम होने तक पकाएं। जब यह सारा मिश्रण ठंडा हो जाए, तो इसे मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें।
अब कड़ाही में फिर से तेल गर्म करें और कटी हुई मेथी की पत्तियां डालें। इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक ये नरम न हो जाए। फिर हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालें। अब इसमें पहले से तैयार किया हुआ पेस्ट मिला दें। इस पूरे मिश्रण को पांच-सात मिनट तक पकाएं। फिर इसमें जरूरत के मुताबिक पानी और नमक डालें। इसे धीमी आंच पर तीन-चार मिनट तक उबालें, ताकि गाढ़ी तरी बन जाए। अब इसमें मलाई डाल कर चम्मच से अच्छी तरह मिला लें। फिर पनीर के टुकड़े और गरम मसाला पाउडर डालें। इसे तीन-चार मिनट तक पकाएं और थोड़ा ठंडा होने पर चपाती, नान चावल या पराठे के साथ परोसें।
