किचन में इस्तेमाल होने वाली कई चीजें समय के साथ काली, चिपचिपी और गंदी दिखाई देने लगती हैं। खाना बनाते वक्त निकलने वाली भाप, तेल-मसालों के छींटे, धुएं और धूल-मिट्टी धीरे-धीरे इन पर जमने लगती है, जिससे ये चिपचिपा और गंदे दिखने लगते हैं। नियमित सफाई न होने के चलते यह गंदगी एक मोटी परत में बदल जाती है। इन्हीं में से एक रसोईघर में इस्तेमाल होने वाला गैस लाइटर भी है, जिसका उपयोग लगभग हर दिन कई बार किया जाता है। लेकिन इसकी गंदगी पर लोगों का ध्यान बहुत ही कम जाता है।
लगातार गैस स्टोव के पास रहने के कारण इसके ऊपर तेल, चिकनाई और कालिख जमने लगती है। कुछ समय बाद लाइटर का बाहरी हिस्सा काला और गंदा दिखने लगता है। धीरे-धीरे लाइटर की चमक फीकी पड़ने लगती है और यह पुराने जैसा दिखने लगता है। हालांकि, आप इसे बेहद ही कम समय में आसानी से साफ कर सकते हैं।
हालांकि, गैस लाइटर को आप पानी से नहीं धो सकते हैं। इससे यह जल्दी खराब हो सकता है। दरअसल, इसके अंदर स्पार्क पैदा करने वाला मैकेनिज्म होता है। अगर इसमें पानी चला जाए तो यह जल्दी खराब हो सकता है। इसी के चलते गैस लाइटर को पानी से बचाना जरूरी हो जाता है। हालांकि, कई और भी तरीके हैं जिनकी मदद से आप बिना पानी का इस्तेमाल किए गैस लाइटर को साफ कर सकते हैं।
सिरका आ सकता है काम
गैस लाइटर को साफ करने के लिए सफेद सिरका का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक साफ कपड़े पर थोड़ा सा सफेद सिरका लगाएं और उससे लाइटर को पोंछ दें। सिरका चिकनाई को हटाने और सतह को साफ करने में मदद करता है।
बेकिंग सोडा और टूथब्रश
गैस लाइटर की गंदगी को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और टूथब्रश काफी कारगर साबित हो सकता है। दरअसल, बेकिंग सोडा एक प्राकृतिक क्लीनर की तरह काम करता है जिससे धातु पर लगी गंदगी आसानी से साफ हो सकती है। इसके लिए एक सूखे टूथब्रश पर थोड़ा सा बेकिंग सोडा लगाएं और हल्के हाथों से लाइटर की सतह पर लगाकर रगड़ दें। इससे जमी हुई काली परत आसानी से हट सकती है। ऐसे में आप इन दो तरीकों की मदद से गैस लाइटर को आसानी से मिनटों में चमका सकते हैं।
ध्यान रखें ये बातें
गैस लाइटर को अधिक गंदा होने से बचाने के लिए इसकी नियमित सफाई करते रहें। इससे चिकनाई व दाग की मोटी परत उस पर नहीं जमती है। इसके साथ ही सफाई के बाद लाइटर को कुछ देर के लिए धूप में रख दें। अगर इसमें थोड़ी भी नमी होगी तो वह आसानी से सूख जाएगी।
Also Read
वॉशिंग मशीन के कोनों में जमा हो गई है गंदगी, घर पर इस तरह करें आसानी से सफाई
