How to Get Rid of Sticky Floors: मानसून के मौसम में गर्मी से राहत तो मिलती है, लेकिन कई तरह की समस्याएं भी आने लगती हैं। काई लगना, उमस और नमी जैसी कई समस्याओं की वजह से काफी परेशानी होती है। वहीं, बारिश के मौसम में बढ़ती हुई नमी की वजह से फर्श सफाई के बाद भी बार-बार चिपचिपा महसूस हो सकता है, जिसकी वजह से घर जल्दी गंदा दिखने लगता है। कई बार पोछा लगाने के बाद भी चिपचिपाहट दूर नहीं होती है। ऐसे में इसके पीछे का कारण जानना जरूरी है, जिससे इस समस्या को दूर करने में मदद मिल सकती है।
मानसून में फर्श की चिपचिपाहट का कारण
मानसून के दौरान हवा में नमी का स्तर ज्यादा रहता है जिसकी वजह से दीवारों और फर्श पर सीलन और चिपचिपाहट देखने को मिल सकती है। इस मौसम में पोछा लगाने के बाद फर्श जल्दी नहीं सूखता है। जिसकी वजह से नमी बनी रहती है और फर्श चिपचिपा महसूस होने लगता है। ऐसे में घर में सही वेंटिलेशन होना जरूरी है जिससे हवा का प्रवाह बना रहता है और नमी कम होने में मदद मिल सकती है।
कई बार हम सफाई के दौरान जरूरत से ज्यादा क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं। इसकी वजह से भी फर्श चिपचिपा महसूस हो सकता है। इसलिए क्लीनर सीमित मात्रा में इस्तेमाल करें। कई बार जूते-चप्पल भी मिट्टी, धूल और नमी घर के अंदर ले आते हैं। इसलिए घर के बाहर जूते-चप्पल उतारने की आदत डालें।
क्या हैं बचाव के तरीके?
अगर आप पोछा लगा रहे हैं, तो पंखा चलाएं या फिर खिड़कियों को खोल दें, जिससे हवा का प्रवाह सही बना रहता है। इससे नमी दूर करने में मदद मिलेगी और फर्श भी जल्दी सूख सकता है।
किचन में अक्सर मसाले, खाने की चीजें या पानी गिर जाता है। मानसून में नमी के कारण ये चीजें चिपचिपाहट बढ़ा सकती हैं। इसलिए इस तरह की चीजें गिरने पर तुरंत सफाई करें और खाना बनाने के बाद पोछा लगाएं।
गंदे पोछे से सफाई करने पर भी बैक्टीरिया और गंदगी फैल सकती है। ऐसे में साफ कपड़े से पोछा लगाएं और अगर फर्श पर पानी गिर गया है तो उसे तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ दें ताकि फर्श सूखा रहे।
पानी में नमक और नींबू को मिलाकर पोछा लगाया जा सकता है, जो चिपचिपाहट को दूर करने में मदद कर सकता है। इससे नमी की बदबू भी कम हो सकती है।
मानसून के दौरान थोड़ी-सी सावधानी और सही तरीके से सफाई करने पर फर्श को लंबे समय तक साफ और कम चिपचिपा रखा जा सकता है। घर में नमी कम रखने, सही मात्रा में क्लीनर का इस्तेमाल करने और नियमित सफाई जैसी आदतों को अपनाकर आप इस समस्या से राहत पा सकते हैं।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।
