How to Fix Sliding Toilet Seat: जब हम घर बनवाते हैं, तो कुछ चीजों पर खास ध्यान देते हैं। टॉयलेट सीट भी उनमें से एक है जिसे रोजाना इस्तेमाल किया जाता है। यही वजह है कि इसका आरामदायक और सही होना काफी जरूरी है। लेकिन समय के साथ और कुछ कारणों की वजह से टॉयलेट सीट में समस्याएं आने लगती हैं। ऐसे में इसे बदलने का ख्याल सबसे पहले मन में आता है। हालांकि कुछ छोटी-मोटी गलतियों की वजह से भी ऐसा हो सकता है। जिसे घर पर भी ठीक किया जा सकता है।

बाथरूम की टॉयलेट सीट अगर बैठने पर हिलने या अपनी जगह से खिसकने लगे, तो काफी परेशानी हो सकती है। कई लोग इस समस्या को छोटी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ढीली सीट समय के साथ ज्यादा खराब हो सकती है। अगर आपकी टॉयलेट सीट भी इस्तेमाल करने पर बार-बार खिसकती है, तो पहले इसकी वजह जानें और फिर कुछ आसान तरीकों से इसे ठीक करने की कोशिश कर सकते हैं।

टॉयलेट सीट खिसकने का कारण

टॉयलेट सीट के बार-बार इस्तेमाल से उसे टॉयलेट कमोड से जोड़ने वाली माउंटिंग बोल्ट या अन्य हार्डवेयर समय के साथ ढीले हो सकते हैं। इसके अलावा पुराने प्लास्टिक के पार्ट्स घिस सकते हैं, हिंज खराब हो सकते हैं या सीट के टेढे होने की वजह से भी यह समस्या हो सकती है। कई बार सीट सही से फिट न होने की वजह से भी ऐसा हो सकता है।

बोल्ट चेक करें

टॉयलेट सीट के पीछे लगे बोल्ट या नट को चेक करें। सीट के मॉडल के आधार पर फिटिंग ऊपर या नीचे की तरफ हो सकती है। इसे आप स्क्रूड्राइवर और प्लायर की मदद से टाइट कर सकते हैं। बोल्ट टाइट करते समय ध्यान रखें कि यह ज्यादा टाइट न हो। क्योंकि दबाव पड़ने पर बोल्ट या अन्य पार्ट्स को नुकसान पहुंच सकता है।

इन चीजों को भी करें चेक

अगर बोल्ट कसने के बाद भी सीट बार-बार खिसक रही है, तो कुछ और चीजों को भी चेक कर सकते हैं। हिंज, बोल्ट और प्लास्टिक के माउंटिंग पार्ट्स को चेक करें। लंबे समय तक इस्तेमाल होने पर पार्ट्स घिस सकते हैं। ऐसे में उन्हें सिर्फ कसने से समस्या पूरी तरह ठीक नहीं हो सकती। अगर समस्या ज्यादा बड़ी लग रही है, तो प्लंबर को बुला सकते हैं।

नॉन स्लिप पैड का इस्तेमाल

अगर बोल्ट सही से कसे हुए हैं और उसके बाद भी सीट हिल रही है, तो ऐसे में सीट के नीचे रबर या नॉन स्लिप पैड का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह एक आसान तरीका हो सकता है। इससे सीट को पकड़ मिल सकती है और उसके बार-बार खिसकने की समस्या कम हो सकती है।

कब बदलें टॉयलेट सीट

अगर सीट में क्रैक आ गया है, हिंज खराब हो गई है या उसे बार-बार कसने की जरूरत पड़ रही है, तो नई सीट लगाने के बारे में सोच सकते हैं। ढीली टॉयलेट सीट को लंबे समय तक नजरअंदाज करने से इसके टूटने का खतरा बढ़ सकता है। अगर आपको फिटिंग खोलने या दोबारा लगाने में परेशानी हो रही है, तो प्लंबर की मदद लेना बेहतर रहेगा।

डिस्क्लेमर: “यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। टॉयलेट सीट के बोल्ट या फिटिंग को कसते समय ज्यादा दबाव न डालें, क्योंकि इससे सीट, बोल्ट या कमोड को नुकसान पहुंच सकता है। अगर सीट में दरार हो, हिंज टूट हुए हों या फिटिंग खोलने में परेशानी आ रही है, तो खुद ठीक करने के बजाय प्लंबर की मदद लें। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ से परामर्श करें।”