Parijat Flowering Tips: सुबह की हल्की ठंड, बालकनी में गिरे सफेद पारिजात के फूल और उनकी खुशबू दिन की शुरुआत को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। हर कोई चाहता है कि उसके गमले, बालकनी या बगीचे में लगे पारिजात का पौधा फूलों से भरा रहे। हालांकि कई लोगों को यह शिकायत होती है कि पौधा स्वस्थ होने के बाद भी कलियां नहीं आती या आते ही खिलने से पहले गिर जाती हैं। कलियां काली होकर गिर जाती हैं या रात को फूल खिलते हैं और सुबह तक गिर जाते हैं। अगर आपके साथ भी इस तरह की समस्याएं हो रही हैं, तो यह आर्टिकल मददगार साबित हो सकता है।

पारिजात एक ऐसा पौधा है, जिसमें फूल खिलना तब शुरू होते हैं जब दिन छोटे और रात लंबी होने लगती हैं। ऐसा खासकर सितंबर के अंत में होने लगता है। इस समय पौधा पत्तियों की बजाय कलियां, फूल और बीज बनाना शुरू कर देता है। लेकिन कई बार पौधे में कम फूल आना या फूल न आने से जुड़ी समस्या हो सकती है। इसके पीछे कुछ कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।

पारिजात में फूल कम या नहीं आने से जुड़ी समस्या

अगर आपके घर पर लगा पारिजात का पौधा ऐसी जगह रखा है, जहां पर रात के समय उसके ऊपर ब्राइट एलईडी लाइट जलती हो। इसके अलावा उसके ऊपर तेज स्ट्रीट लाइट की रोशनी पड़ रही है। ऐसे में पौधे को रात दिन का सही संकेत नहीं मिल पाता है। पौधे को फूल बनाने के लिए पूरी अंधेरी रात की जरूरत होती है। इसके लिए पौधे को ऐसी जगह पर रखें जहां पर कोई लाइट प्रदूषण न हो।

दिन में पौधे को लगभग 5-6 घंटे की पूरी धूप की जरूरत होती है। सितंबर के अंत और नवंबर में पौधे को पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती है, जिसकी वजह से फूलों से जुड़ी समस्या शुरू हो सकती है। अगर इस मौसम में आपने पौधा किसी परछाई वाली जगह पर रखा है, तो उसे हटाकर ऐसी जगह रखें जहां उसे अच्छी धूप मिल सके।

क्यों गिरने लगती हैं कलियां

कई लोगों को शिकायत रहती है कि उनके पारिजात के पौधे में लगी कलियां गिरने लगती हैं। कलियां पीली या काली होकर गिर जाती हैं। इस प्रक्रिया को बड ब्लास्ट कहा जाता है। इसमें पौधे की कलियां समय से पहले या पूरी तरह विकसित हुए बिना ही सूखकर गिर जाती हैं। इसका सबसे बड़ा कारण हो सकता है, बदलते मौसम के साथ पानी देना का पुराना तरीका। इसलिए पानी तभी दें जब मिट्टी के ऊपर की परत दो इंच तक सूख जाए। दूसरा कारण शाम के समय पानी देना हो सकता है। अक्टूबर से लेकर मार्च तक पारिजात के पौधे में शाम को पानी देने से बचना चाहिए। पानी हमेशा सुबह के समय 7 बजे से 10 बजे के बीच में दे सकते हैं। तीसरा कारण मिट्टी में बोरोन, कैल्शियम और अन्य पोषक तत्वों की कमी भी वजह हो सकती है। जिसकी वजह से कलियां विकसित होने से पहले ही टूटकर गिरने लगती हैं।

अपनाएं यह आसान तरीका

पारिजात के पौधे को अच्छी तरह विकसित होने और फूलों को खिलने के लिए हल्की एसिडिक मिट्टी की जरूरत होती है। सालभर पानी देने की वजह से मिट्टी में एल्कलाइन की मात्रा बढ़ सकती है। ऐसे में फर्टिलाइजर या खाद देने के बाद भी फूल खिलने में समस्या आ सकती है। इस समस्या को दूर करने के लिए फिटकरी का इस्तेमाल किया जा सकता है। लगभग 2 ग्राम के करीब फिटकरी का टुकड़ा लें और इसे एक लीटर पानी में अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब पारिजात के पौधे के गमले, ग्रो बैग या जमीन मे लगे पौधे में मिट्टी के अंदर इसे डालना है। ऐसा तब करें जब मिट्टी में हल्की नमी मौजूद हो। पौधे में कुछ घंटे पहले सामान्य पानी दें और फिर इस पानी को डाल दें। अगर पौधे में फूल नहीं आ रहे या कलियां गिर रही हैं, तो इस तरीके को अपनाया जा सकता है। हालांकि इस तरीके को महीने में सिर्फ एक बार ही अपनाएं। जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें।