Monsoon Gardening Tips: मानसून का समय पौधों की ग्रोथ के लिए अच्छा माना जाता है। बारिश की वजह से तापमान कम हो जाता है और पौधों को पर्याप्त नमी मिलती है। हालांकि बारिश का पानी कुछ पौधों को नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसमें पुदीने का पौधा भी शामिल है, जिसे अधिक नमी और लगातार पानी की जरूरत नहीं होती। अगर मानसून में पुदीने का पौधा सूख रहा है या कमजोर दिख रहा है, तो इसके पीछे कुछ कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। जिनकी पहचान करके आप समय रहते पौधे का बचाव कर सकते हैं।
ज्यादा नमी
बारिश की वजह से वातावरण में नमी बढ़ जाती है। जो गर्मी से राहत देने का काम करती है लेकिन अपने साथ कई समस्याएं भी लेकर आती है। पुदीने के पौधे को ज्यादा नमी की जरूरत नहीं होती। इस वजह से जड़ों में सड़न, फंगल इंफेक्शन और पौधे के मुरझाने की समस्या हो सकती है। ऐसे में पुदीने के पौधे को ऐसी जगह रखें जहां पर उसे पर्याप्त धूप मिल सके।
क्या करें?
पुदीने के पौधे को पानी तभी दें, जब गमले की ऊपरी मिट्टी सूख जाए। साथ ही पौधे के आसपास पर्याप्त हवा का प्रवाह बना रहे, जिससे अतिरिक्त नमी सूख सकती है।
धूप की कमी
अगर आप पुदीने के पौधे को छांव में रखते हैं, तो इससे पौधे में पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। पुदीने के पौधे की अच्छी बढ़त के लिए रोजाना कुछ घंटों की हल्की धूप जरूरी है। मानसून में लगातार बादल छाए रहते हैं, जिस वजह से पौधे को पूरी तरह छायादार जगह पर रखने से इसकी ग्रोथ कम हो सकती है। ऐसे में पत्तियां छोटी होने लगती हैं और उनका रंग फीका पड़ सकता है।
बचाव का तरीका
गमले को ऐसी जगह पर रखें जहां सुबह की हल्की धूप या पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी मिल सके। अगर लगातार बारिश हो रही है, तो समय-समय पर पौधे को रोशनी वाली जगह पर रख सकते हैं।
पानी का जमाव
मानसून के दौरान पुदीने के पौधा खराब होने की वजह एक वजह गमले में पानी का जमा रहना हो सकता है। अगर गमले के ड्रेनेज होल बंद हैं या मिट्टी बहुत भारी है, तो अतिरिक्त पानी बाहर नहीं निकल पाता है। इससे जड़ों में सड़न शुरू हो सकती है और पौधा धीरे-धीरे सूख सकता है।
कैसे करें बचाव?
हमेशा ऐसे गमले का इस्तेमाल करें जिसमें पानी निकलने के लिए पर्याप्त छेद हो। मिट्टी में रेत, कोकोपीट जैसी सामग्री मिलाने से ड्रेनेज बेहतर हो सकता है। इससे पानी लंबे समय तक जमा नहीं रहता।
कैसे करें देखभाल
मानसून के समय पुदीने के पौधे को समय-समय पर छंटाई की जरूरत हो सकती है। सूखी, पीली और खराब पत्तियों को हटा दें जिससे नई पत्तियां तेजी से निकल सकें। अगर पौधा ज्यादा घना हो गया है, तो उसकी टहनियों को काट सकते हैं। इससे हवा का प्रवाह बेहतर बना रहेगा और पौधे की ग्रोथ बेहतर ढंग से हो सकेगी। थोड़ी-सी देखभाल की मदद से पुदीने के पौधे को मानसून में हरा-भरा और स्वस्थ रखा जा सकता है।
