अभिनेता और सांसद रवि किशन इन दिनों अपने लुक और फिटनेस पर काफी ध्यान दे रहे हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों से उन्होंने अनाज खाना छोड़ दिया है और फिलहाल ज्यादातर फल खा रहे हैं। रवि किशन ने बताया कि इस दौरान उनका वजन करीब 15 किलो कम हुआ है। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘लापता लेडीज’ के समय उनका वजन जितना था, उससे अब वह काफी कम हो गया है और वह अपने शरीर को ज्यादा फिट और मस्कुलर लुक देने की तैयारी कर रहे हैं।

रवि किशन की इस बात ने लोगों का ध्यान खींचा तो हमने एक्सपर्ट से समझने की कोशिश की कि क्या सिर्फ फलों पर रहकर तेजी से वजन कम करना सही तरीका है।

क्या सिर्फ फल खाने से तेजी से घटता है वजन?

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कंसल्टेंट डाइटिशियन गरिमा गोयल ने बताया कि फल सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं, लेकिन केवल फलों को अपनी डाइट का मुख्य हिस्सा बना लेना वजन घटाने या मस्कुलर बॉडी बनाने का संतुलित तरीका नहीं है।

फलों में फाइबर, विटामिन, मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट और कार्बोहाइड्रेट अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। लेकिन इनमें शरीर की जरूरत के मुताबिक प्रोटीन और जरूरी फैट नहीं मिल पाते। ऐसे में लंबे समय तक सिर्फ फलों पर निर्भर रहने से शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलेंगे।

वजन कम होने का मतलब सिर्फ फैट कम होना नहीं

एक्सपर्ट के मुताबिक, कम समय में वजन तेजी से घटने पर जरूरी नहीं कि शरीर से उतनी ही मात्रा में फैट कम हुआ हो। कैलोरी बहुत कम होने पर वजन घट सकता है, लेकिन इसमें पानी और मांसपेशियों का नुकसान भी शामिल हो सकता है।

अगर किसी व्यक्ति का लक्ष्य शरीर को टोंड और मस्कुलर बनाना है तो केवल वजन कम करना पर्याप्त नहीं है। शरीर की मांसपेशियों को बनाए रखने के लिए पर्याप्त प्रोटीन लेना भी जरूरी है।

सिर्फ फल खाने से किन पोषक तत्वों की कमी हो सकती है?

लंबे समय तक केवल फलों पर निर्भर रहने से विटामिन B12, आयरन, कैल्शियम, जिंक, ओमेगा-3 फैटी एसिड और पर्याप्त प्रोटीन जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। इसके अलावा फलों में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अच्छी होती है। ऐसे लोगों के लिए यह तरीका ठीक नहीं हो सकता, जिन्हें ब्लड शुगर को लेकर पहले से परेशानी है, खासकर जब खाने में प्रोटीन और फैट का संतुलन न हो।

मस्कुलर और फिट बॉडी के लिए क्या करें?

अगर आपका लक्ष्य शरीर की अतिरिक्त चर्बी कम करने के साथ मांसपेशियों को बनाए रखना है तो डाइट में संतुलन जरूरी है। एक्सपर्ट के अनुसार इसके लिए बहुत ज्यादा खाना छोड़ने के बजाय नियंत्रित कैलोरी डाइट, पर्याप्त प्रोटीन, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, वर्कआउट के लिए जरूरी कार्बोहाइड्रेट, हेल्दी फैट और पर्याप्त आराम पर ध्यान देना चाहिए।

बहुत ज्यादा सख्त डाइट से वजन जल्दी कम होता हुआ दिखाई दे सकता है, लेकिन इसे लंबे समय तक फॉलो करना मुश्किल होता है और इससे मांसपेशियों और पोषण पर भी असर पड़ सकता है।

इसलिए किसी सेलिब्रिटी की फिटनेस डाइट को देखकर उसे अपनी डाइट में शामिल करना सही नहीं है। उनकी डाइट अक्सर किसी खास रोल या कम समय में बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार की जाती है। हर व्यक्ति की जरूरत अलग होती है। लंबे समय तक स्वस्थ तरीके से वजन कम करने के लिए संतुलित खाना, सही मात्रा में कैलोरी लेना, एक्सरसाइज और नियमितता ज्यादा जरूरी है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञ से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी तरह की डाइट या वजन घटाने की योजना शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।