मिडिल ईस्ट की लड़ाई का असर अब आम आदमी की रसोई पर भी पड़ने लगा है। दूध से लेकर मसाले, तेल- चायपत्ती और चावल तक सब महंगा होने लगा है। घर का राशन लेते समय अगर आप सतर्कता और सावधानी नहीं दिखाएंगे तो आपका मासिक बजट बिगड़ सकता है। फिजूल खर्च से बचने के लिए आपको जागरूक होने की जरूरत है। महीने भर की ग्रोसरी खरीदते समय ऑफर और डिस्काउंट के चक्कर में अगर आप कुछ भूल कर देते हैं तो इससे आपका राशन का खर्चा बढ़ सकता है। अगर कमाई कम है और खर्च ज्यादा हो रहा है तो आपको स्मार्ट तरीके से खरीदारी की ट्रिक पता होनी चाहिए।

बिना लिस्ट बनाए न खरीदें सामान

अगर आप चाहते हैं कि आपकी किचन का बजट न बिगड़े तो हमेशा लिस्ट बनाकर ही खरीदारी करें। सबसे बड़ी गलती यह है कि लोग बाजार जाने से पहले यह तय नहीं करते कि घर में क्या-क्या मौजूद है और क्या खरीदना है। इसकी वजह से कई बार गैर-जरूरी चीजें ट्रॉली में शामिल हो जाती हैं।

ऑफर देखकर जल्दबाजी न करें

बहुत सारे लोग “एक के साथ एक फ्री” या भारी छूट देखकर जरूरत से अधिक सामान खरीद लेते हैं। इसकी वजह से पैसे एक साथ ज्यादा खर्च हो जाते हैं। इसलिए उन्हीं चीजों पर ऑफर का फायदा उठाएं जिनका इस्तेमाल ज्यादा या नियमित रूप से होता हो।

घर में रखे स्टॉक का हिसाब

अगर आप कभी भी सामान खरीदने जाएं तो घर में रखे राशन का स्टॉक को देख लें। ऐसा न करन से एक ही चीज बार-बार खरीदी जाती है। पुराना सामान पीछे रह जाता है और खराब हो सकता है।

छोटी पैकिंग हमेशा सस्ती नहीं होती

बहुत से लोग मानते हैं कि छोटे पैकेट खरीदने से खर्च कम होगा, जबकि कई बार बड़े पैक का प्रति किलो या प्रति लीटर मूल्य कम होता है। इसलिए कुछ भी खरीदते समय पैकेट पर लिखा यूनिट प्राइस (प्रति किलो/लीटर कीमत) जरूर देखें और तुलना करें।

ब्रांड की तुलना न करना

अक्सर हम जिस ब्रांड की चीज एक बार ले आते हैं और वो सही निकलती है तो हम बार-बार वहीं लेकर आते हैं। कई लोग वर्षों से एक ही ब्रांड खरीदते हैं और कीमतों की तुलना नहीं करते हैं। इसलिए कभी-कभी अलग ब्रांड की कीमत और गुणवत्ता की तुलना करें।

ऑनलाइन और ऑफलाइन कीमतों की तुलना न करना

आज कई बार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और स्थानीय दुकानों की कीमतों में अंतर होता है। खरीदारी से पहले सामान की कीमतों की तुलना कर लें। इससे कुल बिल में अंतर आ सकता है।