रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। इसमें वह दिग्गज कर्नाटक संगीत गायिका एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी की भूमिका निभाने वाली हैं। फिल्म से जुड़ी तैयारियों के बीच रश्मिका हाल ही में MS – A Legacy on Screen के लॉन्च इवेंट में पहुंचीं। इस दौरान उनका लुक भी खास था, क्योंकि उन्होंने अपने कपड़ों के जरिए एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी की यादगार साड़ी स्टाइल को अपने अंदाज में अपनाया।

बता दें कि एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी को खासतौर पर उनकी खूबसूरत कांजीवरम सिल्क साड़ियों के लिए भी जाना जाता था। इनमें नीले रंग की साड़ियां उनके लुक का खास हिस्सा थीं। गहरा, चमकदार नीला रंग आगे चलकर ‘MS Blue’ के नाम से पहचाना जाने लगा था। रश्मिका ने भी इवेंट में इसी रंग को अपने अंदाज में अपनाया और पारंपरिक साड़ी में नजर आईं।

MS Blue साड़ी में रश्मिका का पहला लुक

इवेंट के लिए रश्मिका ने गहरे नीले रंग की कांजीवरम सिल्क साड़ी पहनी। यह साड़ी Suswaram Raga Edition की Aikyatha Kajivaram silk sari है। इसकी खासियत इसका गहरा नीला रंग है, जो आगे की ओर रॉयल पर्पल शेड में बदलता नजर आता है।

साड़ी के पल्लू और बॉर्डर पर सुनहरे जरी के काम के साथ मंदिर से जुड़े पारंपरिक मोटिफ्स दिए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी कीमत करीब 49,999 रुपये है।

इस साड़ी को एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी की सिग्नेचर स्टाइल से जोड़ने वाली सबसे खास चीज इसका नीला रंग है। साड़ी के डिजाइन में राग शंकराभरणम से इंस्पायर बारीकियां भी शामिल हैं। ब्रांड ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में साड़ी के पल्लू और बॉर्डर के डिजाइन को संगीत और भारतीय परंपरा से जोड़कर बताया है।

ट्रेडिशनल जूलरी से पूरा किया लुक

रश्मिका ने इस साड़ी के साथ ज्यादा तामझाम वाला लुक नहीं चुना। उन्होंने गोल्ड झुमके, चूड़ियां और नथ पहनी। बालों को बन में बांधा गया था और उसमें सफेद फूलों का गजरा लगाया गया था। इससे उनका पूरा लुक काफी पारंपरिक और एलिगेंट नजर आया। उनके इस लुक को स्टाइलिस्ट नीरजा कोना ने तैयार किया।

दूसरे लुक में वाइन और ऑरेंज का कॉम्बिनेशन

इवेंट के लिए रश्मिका ने एक दूसरा साड़ी लुक भी कैरी किया। इस बार उन्होंने Sutrani की वाइन रंग की कांजीवरम सिल्क साड़ी पहनी। साड़ी पर पूरे हिस्से में ज्योमेट्रिक चेक पैटर्न नजर आ रहा था, जबकि बॉर्डर को सिल्क-थ्रेड वर्क से तैयार किया गया था।

इस साड़ी की सबसे खास बात इसका बर्न्ट ऑरेंज पल्लू था, जो गहरे वाइन रंग के साथ खूबसूरत कंट्रास्ट बना रहा था। पल्लू पर पारंपरिक मोटिफ्स और गोल्ड जरी का काम किया गया था।

रश्मिका ने इसके साथ ऑफ-व्हाइट रंग का Mushru Benaras silk blouse पहना। जूलरी में उन्होंने हल्का-फुल्का गोल्ड नेकपीस, मैचिंग ईयररिंग्स और चूड़ियां चुनीं। इस लुक में भी उन्होंने मेकअप और एक्सेसरीज को सिंपल रखा, जिससे पूरी साड़ी ही लुक का फोकस बनी रही।

रश्मिका के दोनों लुक में एक चीज कॉमन रही—पारंपरिक भारतीय साड़ी को मॉडर्न और ग्रेसफुल अंदाज में कैरी करना। खासतौर पर MS Blue साड़ी वाला लुक एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी की यादगार शैली को खूबसूरती से याद करता नजर आया।

डिस्क्लेमर: यह लेख पब्लिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और संबंधित ब्रांड की ओर से साझा की गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।