Ramadan Special Recipes: रमजान का पाक मुबारक महीना शुरू होने वाला है। इस माह में रोजेदार रोजा रखकर पूरी शिद्दत से अल्लाह की इबादत करते हैं। इस्लामी कलेंडर के दसवें महीने शव्वाल का चांद दिखाई देने पर शव्वाल की एक तारीख को खुदा का शुक्रिया करते हुए ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है। रोजेदार सुबह उठकर सहरी खाते हैं। इसके बाद दिनभर भूखे-प्यासे रहकर इबादत के साथ-साथ दैनिक कार्य करते हैं।

शाम को इफ्तार किया जाता है। जगह-जगह इफ्तारी का कार्यक्रम होता है। जिसके लिए तरह-तरह की डिश बनाई जाती हैं। मटन कटलेट पार्टी में बनते हैं। इस बार आप बोहरी / बोहरा मटन कटलेट बना सकते हैं। इसे बनाने बहुत आसान है। यह मुंबई के बोहरी मोहल्ला और मोहम्मद अली रोड की प्रसिद्ध रमजान इफ्तार स्नैक है। इसे डीप फ्राई करके हरी चटनी के साथ परोसा जाता है। यह कटलेट रसदार और मुलायम होते हैं।

बोहरी मटन कटलेट रेसिपी | Bohri Mutton Cutlet Recipe hindi

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

मटन कीमा – 500 ग्राम
लहसुन – 10 से 12 कलियां
अदरक – 1 इंच
हरी मिर्च – 3 से 4
हरा धनिया (बारीक कटा हुआ) – 3 बड़े चम्मच
धनिया पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला पाउडर – ½ छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – ½ छोटा चम्मच
ब्रेड के स्लाइस – 5
दूध – ½ कप
अंडे – 3
नींबू – 2 छोटे
सूजी (रवा) – ½ कप या आवश्यकतानुसार
तेल – कम तेल में तलने के लिए
नमक – 1 छोटा चम्मच या स्वादानुसार

बोहरी मटन कटलेट बनाने का तरीका

सबसे पहले लहसुन, अदरक और हरी मिर्च को बारीक पीसकर पेस्ट बना लें। इसके बाद कीमे को धोकर बारीक जाली वाली छलनी में रख दें। अब ब्रेड लें और उसके स्लाइस के किनारों को काटकर फेंक दें। इसके बाद आपको ब्रेड के सफेद भाग को दूध में भिगो देना है। फिर कीमे को किसी बर्तन में डालें। उसमें सभी पिसे हुए मसाले, नमक, अदरक-लहसुन-मिर्च का पेस्ट और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं।

इसके बाद मिश्रण को मिक्सर जार में डालकर बारीक पीस लें। उसे बर्तन में निकाल लें। फिर कटी हुई हरी धनिया, भीगी हुई ब्रेड और 1 फेंटा हुआ अंडा डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब आपको इसे करीब 30 मिनट से 3 घंटे के लिए फ्रिज में मैरीनेट होने के लिए रख देना है। जब भी आपको कटलेट तलने हो तब मैरीनेट किए हुए मिश्रण को फ्रिज से निकालें। इसे कमरे के तापमान पर आने दें। फिर बचे हुए दो अंडे तोड़ें और सफेदी को जर्दी से अलग कर लें। सफेदी को तब तक फेंटें जब तक वह झागदार न हो जाए। इसके बाद जर्दी डालकर दोबारा फेंटें।

इसके बाद आपको नमक मिलाना है। इसके बाद आपको रवा को एक समतल प्लेट पर फैलाना है। इसके बाद कीमे की थोड़ी मात्रा लें। ध्यान पूर्वक उसे टेनिस टेबल के आकार की गेंद में ढाल लें। इस गेंद को हथेलियों की मदद से आधा सेंटीमीटर मोटी कटलेट में चपटा करें। इसमें आप अपनी पसंद मुताबिक कोई भी आकार दे सकते हैं। फिर किसी साफ कपड़े से से ढकी प्लेट पर रखें। अब आपको कटलेट को दोनों तरफ रवा से लपेटना है। इसके बाद फेंटे हुए अंडे में डुबोकर गरम फ्राइंग पैन के तेल में डालें। धीमी आंच पर दोनों तरफ से 3 से 4 मिनट तक हल्का तलें। आपके कटलेट तैयार हैं।