इस साल रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। इस मौके पर बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है और उसके स्वस्थ और सुखी जीवन की मंगलकामना करती है। वहीं, भाई अपनी बहन की हमेशा रक्षा करने का वचन देता है। यह त्योहार भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और पवित्र रिश्ते को समर्पित है। रक्षा सूत्र बांधने के बाद बहन भाई को मिठाई खिलाकर उसका मुंह मीठा करती है।
इस मौके पर बाजार में एक से बढ़कर एक स्वादिष्ट मिठाइयां मिलती हैं। लेकिन कई बार मिलावट की भी खबरें सामने आ चुकी हैं। खासकर त्योहारों के मौके पर बढ़ती डिमांड के चलते मिठाइयों में मिलावट की खबरें सामने आती रहती हैं। ऐसे में आप बाजार की मिठाई की बजाय घर पर ही स्वादिष्ट और हेल्दी रागी और ड्राई फ्रूट्स के लड्डू बना सकती हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि।
रागी ड्राई फ्रूट का लड्डू बनाने के लिए सामग्री
1 कप रागी का आटा
4-5 बड़े चम्मच घी
10-12 बादाम
10-12 काजू
4-5 अखरोट
2 बड़े चम्मच किशमिश
1 कप मखाने
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
3/4 कप या स्वादानुसार गुड़ का पाउडर
2 बड़े चम्मच नारियल का बुरादा (वैकल्पिक)
2-3 बड़े चम्मच दूध या जरूरत के अनुसार
इस तरह झटपट बनाएं रागी ड्राई फ्रूट लड्डू
सबसे पहले बादाम, काजू और अखरोट को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। मखानों को भी हल्का सा कूट लें। ध्यान रखें कि ड्राई फ्रूट्स का पाउडर न बनाएं, ताकि लड्डू खाते समय इनका हल्का क्रंच बना रहे। इसके बाद कड़ाही में एक छोटा चम्मच घी डालकर धीमी आंच पर बादाम, काजू, अखरोट और मखाने को हल्का सुनहरा होने तक भून लें। भूनने के बाद इन्हें एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें। इसके बाद इसमें किशमिश मिला दें।
अब उसी कड़ाही में बचा हुआ घी डालकर उसमें रागी का आटा डाल दें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। रागी के आटे को करीब 8-10 मिनट तक भूनें, जब तक आटे से अच्छी खुशबू न आने लगे और उसका रंग थोड़ा गहरा न हो जाए। अब भुने हुए रागी के आटे में तैयार किए गए ड्राई फ्रूट्स और नारियल का बुरादा डालकर अच्छी तरह मिला दें। इसके बाद इलायची पाउडर डालें और गैस बंद कर दें।
मिश्रण जब थोड़ा ठंडा हो जाए तो इसमें गुड़ का पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें। अब मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर इसे बांधने लायक बना लें। ध्यान रखें कि दूध एक साथ ज्यादा न डालें। हाथों में थोड़ा घी लगाकर मिश्रण की छोटी-छोटी मात्रा लें और गोल आकार में दबाते हुए लड्डू बना लें। तैयार लड्डू को बारीक कटे बादाम, पिस्ता या नारियल के बुरादे में हल्का रोल कर सकते हैं।
आपका रागी ड्राई फ्रूट्स लड्डू तैयार है। अब रक्षाबंधन के मौके पर आप राखी बांधने के साथ अपने भाई को यह मिठाई खिला सकती हैं। वहीं बचे हुए लड्डुओं को आप एयरटाइट कंटेनर में रख कर कुछ दिनों तक सुरक्षित रख सकती हैं।
यह भी पढ़ें
रक्षाबंधन के दिन घर पर बनाएं नारियल के लड्डू, स्वाद बढ़ाने के लिए मिलाएं ये चीजें
