सावन का महीना आते ही तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है। त्योहार हो और मीठे का जिक्र न हो ऐसा हो नहीं सकता है। सावन और रक्षाबंधन में सबसे खास मिठाई होती है घेवर। जिसका लोगों को सालभर इंतजार रहता है। यूं तो हर जगह के घेवर का स्वाद और मिठास अपने आप में खास होती है। लेकिन राजस्थान में बनने वाले घेवर का स्वाद ही निराला होता है।

किसी को सादा कुरकुरा घेवर पसंद आता है, तो किसी को मलाई और मेवों से सजा हुआ रिच फ्लेवर वाला घेवर। अगर आप राजस्थान के प्रसिद्ध मलाई घेवर का स्वाद अपने घर में बैठकर उठाना चाहते हैं तो जरा किचन का रूख कीजिए यहां रेसिपी पढ़ें और बनाएं बिल्कुल हलवाई जैसा मलाई घेवर घर पर।

मलाई घेवर बनाने के लिए इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

घेवर के लिए

500 ग्राम मैदा
150 ग्राम देसी घी
1½ लीटर ठंडा पानी
2 बर्फ के टुकड़े

चाशनी के लिए

500 ग्राम चीनी
250 मिली पानी
1 चुटकी केसर

मलाई टॉपिंग के लिए

1 लीटर फुल क्रीम दूध
50 ग्राम चीनी
5 ग्राम इलायची पाउडर
2 चुटकी केसर

सजाने के लिए

कटे हुए बादाम
कटे हुए काजू
खरबूजे के बीज
चाहें तो थोड़ा पिस्ता भी डाल सकते हैं।

मलाई घेवर बनाने का तरीका

इस तरह करें शुरुआत

सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही में घी हल्का गर्म करें। इसके बाद गैस को बंद कर दें। फिर आपको इसमें बर्फ के टुकड़े डालने हैं। इन्हें अच्छी तरह फेंटें। इससे घी का टेक्सचर हल्का और क्रीमी हो जाता है। ऐसा करने से घेवर ज्यादा कुरकुरा बनता है। बर्फ और घी तब तक फेटना है जब तक उन दोनों चीजों से झाग न बनने लगे।

अब करना है आपको बैटर तैयार

अब फेंटे हुए घी में थोड़ा-थोड़ा करके मैदा मिलाएं। अब इसमें धीरे-धीरे ठंडा पानी डालते जाएं और लगातार चलाते रहें ताकि कोई गुठली न रहे। इस बात का ध्यान रखें कि बैटर बहुत गाढ़ा नहीं होना चाहिए। इसकी कंसिस्टेंसी पतली और बहने वाली होनी चाहिए। तभी आप परफेक्ट घेवर बना पाएंगे।

घेवर को तलते समय बरतें सावधानी

घेवर को तलते समय आपको सावधानी बरतनी चाहिए। इसके लिए एक गहरे और भारी बर्तन में घी गर्म करें। बीच में गोल मोल्ड रखें या अगर पारंपरिक तरीके से बना रहे हैं तो बीच में थोड़ा खाली स्थान छोड़ते हुए बैटर को ऊंचाई से पतली धार में डालें।

कुछ सेकंड बाद फिर थोड़ा बैटर डालें। इसी तरह 3-4 बार बैटर डालने से घेवर में जालीदार परतें बनती हैं। जब घेवर सुनहरा होने लगे, तब सावधानी से निकालकर अतिरिक्त घी निकलने दें।

इस तरह बनाएं घेवर के लिए चाशनी

एक पैन में पानी और चीनी डालकर उबालें। ऐसा तब तक करें जब तक चीनी पूरी तरह घुल जाए। अब आप देखेंगे कि हल्की चिपचिपी चाशनी बनकर तैयार होने लगेगी। इसके बाद उसमें केसर डाल दें। अब तैयार घेवर को कुछ सेकंड के लिए चाशनी में डुबोकर बाहर निकाल लें।

अब करें मलाई तैयार

दूध को धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक वह लगभग आधा न रह जाए। अब इसमें चीनी, इलायची पाउडर और केसर डालकर कुछ मिनट और पकाएं। जब मिश्रण थोड़ा ठंडा होकर गाढ़ा हो जाए, तब इसे घेवर के ऊपर अच्छी तरह फैला दें।

घेवर के सजाकर करें सर्व

ऊपर बताई सारी प्रोसेस करने के बाद अब आपको घेवर को सजाना है। इसके लिए ऊपर से बादाम, काजू, पिस्ता और खरबूजे के बीज डालकर गार्निश करें। चाहें तो कुछ केसर के धागे भी डाल सकते हैं।