दांतों और मसूड़ों को सुरक्षित रखने के लिए डेंटिस्ट हर 3 से 4 महीने में टूथब्रश बदलने की सलाह देते हैं। ऐसे पुराने टूथब्रश को अगर आप भी कूड़ेदान में फेंक देते हैं तो ऐसा करना बंद कर दीजिए। आप पुराने टूथब्रश को दोबारा घर के कई तरह के कामकाजों में इस्तेमाल कर सकते हैं। जी हां, पुराना टूथब्रश आपके कई कामों को आसान बना सकता है। इसे दोबारा इस्तेमाल में लाने के कुछ स्मार्ट तरीके यहां बताए गए हैं।
ज्वेलरी साफ करने में करें इस्तेमाल
पुराने टूथब्रश से आप अपने गहनों को चमका सकते हैं। गहनों की बारीक डिजाइन्स और छोटी जगहों को भी इससे आसानी से साफ किया जा सकता है। जहां कपड़ा नहीं पहुंच पाता है वहां व्रश से साफ कर सकते हैं। एक बात का ध्यान रखें आपके गहनों के लिए यह सुरक्षित है या नहीं, यह जरूर जांच लें। जैसे मोती गहनों की पुराने टूथब्रश से सफाई करना सुरक्षित नहीं है।
सिंक और नलों को करें पॉलिश
पुराने टूथब्रशों से आप किचन में लगी सिंक या नलों, हैंडल या उनके जोड़ या निचले हिस्सों को पॉलिश कर सकते हैं। पहले इनमें जमी गंदगी को ब्रश से साफ करें। फिर दूसरे ब्रश से इन्हें पॉलिश कर सकते हैं।
रसोई में रखें उपकरणों को करें साफ
किचन में इस्तेमाल होने वाली ब्लेंडर, कॉफी मेकर, चीज ग्रेटर, छोटे-छोटे ब्लेड के अलावा अन्य उपकरणों को साफ करने में आप पुराने ब्रशों को काम में ले सकते हैं। इसके साथ ही घरेलू उपकरणों पर जमें अतिरिक्त ग्रीस को भी इससे हटाया जा सकता है।
लकड़ी की चीजों की सफाई
घर में सजाई जाने वाली लकड़ी की छोटी-छोटी कलाकृतियों को साफ करने में भी आप पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं। जहां कपड़ा या वैक्यूम क्लीनर काम नहीं कर सकता है वहां आप इसे यूज करें। यह खांचों, अंदरूनी कोनों और दरवाजे के ट्रिम के आसपास की जगहों को भी साफ कर सकता है।
