कद्दू के बीज सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। इसके साथ ही ये बालों के लिए भी लाभकारी बताए जाते हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, जरूरी फैटी एसिड, जिंक, मैग्नीशियम, विटामिन ई और प्लांट स्टेरोल जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बालों की ग्रोथ बढ़ाने, झड़ने की समस्या को दूर करने और बालों को मजबूत बनाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
कुछ स्टडी में बताया या है कि कद्दू के बीज का तेल पुरुषों में होने वाले मेल पैटर्न बाल्डनेस यानी गंजेपन और बालों के झड़ने की समस्या में मदद कर सकता है। यह बालों की मोटाई और ग्रोथ को बेहतर करने में भी सहायक हो सकता है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, बाल झड़ने की समस्या से जूझ रहे पुरुषों में कद्दू के बीज के तेल का इस्तेमाल करने वाले लोगों में प्लेसिबो समूह की तुलना में बालों की संख्या में 40 प्रतिशत अधिक सुधार देखने को मिला।
अधिकतर लोग कद्दू के बीज का तेल बाजार से खरीदकर लगाना पसंद करते हैं। लेकिन कई बार बाजार में मिलने वाला तेल मिलावटी हो सकता है, जो फायदे के बजाए नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि, आप घर पर भी आसानी से कद्दू के बीज से तेल बना सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर कद्दू के बीच से तेल कैसे बनाएं।
जरूरत के सामान
आधा कप कच्चे कद्दू के बीज
1 कप नारियल तेल या स्वीट बादाम तेल
1 बड़ा चम्मच अरंडी का तेल (वैकल्पिक)
कद्दू के बीज का तेल बनाने का तरीका
सबसे पहले कद्दू के बीजों को अच्छी तरह साफ कर लें। बीजों में नमी न हो। अब एक पैन को धीमी आंच पर गर्म करें और इसमें कद्दू के बीज डालकर करीब 2-3 मिनट तक हल्का भून लें। बीजों को ज्यादा तेज आंच पर नहीं भूनना चाहिए, क्योंकि इससे उनके पोषक तत्व प्रभावित हो सकते हैं।
भुने हुए बीजों को कुछ देर ठंडा होने दें। इसके बाद इन्हें मिक्सर या ग्राइंडर में डालकर दरदरा पीस लें। अब एक बर्तन में नारियल तेल या स्वीट बादाम तेल लें और डबल बॉयलर की मदद से हल्का गर्म कर लें। अगर चाहें तो इसमें अरंडी का तेल भी मिला सकते हैं। जब तेल गर्म हो जाए तो इसमें दरदरे पिसे हुए कद्दू के बीज डाल दें। मिश्रण को धीमी आंच पर करीब 30-45 मिनट तक गर्म करें। इस दौरान बीच-बीच में चम्मच से चलाते रहें ताकि बीज नीचे चिपकें नहीं।
इसके बाद गैस बंद कर मिश्रण को कमरे के तापमान पर पूरी तरह ठंडा होने दें। अब एक साफ मलमल के कपड़े या बारीक छलनी की मदद से तेल को अच्छी तरह छान लें। बीजों के सभी बचे हुए टुकड़ों को अलग कर दें, ताकि तेल साफ रहे। तैयार तेल को एक साफ और पूरी तरह सूखी गहरे रंग की कांच की बोतल में भरकर रख दें। सही तरीके से स्टोर करने पर इसे करीब 2-3 महीने तक रखा जा सकता है।
बालों में कद्दू के बीज का तेल लगाने का सही तरीका
कद्दू के बीज का तेल हफ्ते में एक बार लगाने की सलाह दी जाती है। तेल को स्कैल्प पर लगाकर करीब 5-10 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें, ताकि स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो। इसे आप रात भर के लिए छोड़ सकते हैं और अगले दिन बालों को गुनगुने पानी से धो लें। इस तरह आप घर पर आसानी से शुद्ध कद्दू के बीज से तेल बना सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी पर आधारित है। बालों के लिए किसी भी तेल का बदलाव करने से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर ले लें।
Also Read
घर पर भी बना सकते हैं सिंघाड़े का शुद्ध आटा, जानें बनाने का आसान तरीका
