kaddu ke beej kaise khaye: रोज की डाइट में कुछ ऐसी छोटी चीजें भी शामिल की जा सकती हैं, जो स्वाद के साथ पोषण भी बढ़ा दें। कद्दू के बीज इन्हीं में से एक हैं। इनमें प्रोटीन, मैग्नीशियम, जिंक, हेल्दी फैट्स और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इन्हें खाने के लिए अलग से कोई खास तैयारी भी नहीं करनी पड़ती। सुबह के नाश्ते से लेकर शाम के स्नैक और सलाद तक, इन्हें कई आसान तरीकों से डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है।
भारतीय योग गुरु, लेखिका और शोधकर्ता डॉ. हंसा योगेंद्र (Hansa Yogendra) के मुताबिक कद्दू के बीज डाइट में शामिल करने से इम्यूनिटी को सपोर्ट करने में मदद मिल सकती है। कद्दू के बीज सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। जानिए कद्दू के बीज खाने के 5 आसान तरीके और इन्हें खाने के संभावित फायदे।
सुबह नाश्ते से पहले ऐसे खाएं
आप कद्दू के बीजों को हल्का भूनकर सुबह खा सकते हैं। अगर खाली पेट खाने से आपको कोई परेशानी नहीं होती, तो इन्हें थोड़ी मात्रा में लें। चाहें तो बीजों को रातभर भिगोकर भी खा सकते हैं।
स्मूदी या शेक में डालें
आप इन बीजों को ओट्स, योगर्ट या फ्रूट स्मूदी बना रहे हैं तो उसमें एक चम्मच कद्दू के बीज डाल सकते हैं। इन्हें पहले हल्का पीस लेने से ड्रिंक में मिलाना आसान रहेगा और स्वाद भी अच्छा आएगा।
सलाद पर करें स्प्रिंकल
यह तरीका सबसे आसान है। खीरा, टमाटर, गाजर, चना या ग्रीन सलाद के ऊपर हल्के भुने कद्दू के बीज डालें। इससे सलाद में हल्का क्रंच आएगा और इसमें प्रोटीन, हेल्दी फैट्स और दूसरे पोषक तत्व भी जुड़ेंगे।
नाश्ते की टॉपिंग बनाएं
इतना ही नहीं आप पोहा, उपमा, ओट्स या दलिया तैयार करने के बाद ऊपर से थोड़े कद्दू के बीज डाल सकते हैं। रोज के नाश्ते में इन्हें शामिल करने का यह सबसे आसान तरीका है, क्योंकि इसके लिए अलग से कोई डिश बनाने की जरूरत नहीं पड़ती।
शाम के हेल्दी स्नैक में शामिल करें
कद्दू के बीजों को मखाने, भुने चने या मूंगफली के साथ मिलाकर हल्का रोस्ट कर लें। इसे शाम की भूख के समय स्नैक की तरह खाया जा सकता है। बस नमक और मसालों की मात्रा कम रखें।
डिस्क्लेमर: कद्दू के बीज से जुड़े फायदे सामान्य पोषण संबंधी जानकारी पर आधारित हैं। किसी स्वास्थ्य समस्या या एलर्जी की स्थिति में डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह लें।
