रात में हल्के भोजन की सलाह दी जाती है। सोने के दौरान शरीर की गतिविधियां और पाचन क्रिया दिन की तुलना में धीमी हो जाती हैं। अगर रात में ज्यादा तला-भुना, मसालेदार या भारी भोजन कर लें, पेट को उसे पचाने में अधिक समय लगता है, जिससे अपच, गैस, एसिडिटी, पेट में भारीपन और नींद से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।

हल्का भोजन आसानी से पच जाता है और शरीर को आवश्यक पोषण भी प्रदान करता है। इससे पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता, नींद बेहतर आती है और वजन भी नियंत्रण में रहता है। अगर आप भी रात के लिए किसी हल्के और पौष्टिक भोजन की तलाश में हैं, तो दलिया वेज उपमा ट्राई कर सकते हैं। यह डिश हल्की और पौष्टिक होने के साथ ही स्वादिष्ट होती है। इसके साथ ही इसे आप काफी कम समय में भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं दलिया वेज उपमा बनाने की आसान विधि।

दलिया वेज उपमा बनाने के लिए सामग्री

1 कप दलिया
1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
1 छोटी गाजर बारीक कटी हुई
1 चौथाई कप हरी मटर
1 छोटा टमाटर बारीक कटा हुआ
1 छोटा चम्मच राई
1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1 बड़ा चम्मच तेल या घी
6-8 करी पत्ते
नमक स्वादनुसार
1 बड़ा चम्मच हरा धनिया बारीक कटा हुआ
1 छोटा चम्मच नींबू का रस (वैकल्पिक)
2 से 2.5 कप पानी
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर

दलिया वेज उपमा बनाने की आसान विधि

सबसे पहले एक कड़ाही में दलिया को 2 से 3 मिनट तक हल्का गोल्डन होने तक भून लें। अब उसी कड़ाही में तेल या घी गर्म करें और फिर इसमें राई डालें और चटकने दें।

इसके बाद करी पत्ता और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड तक भून लें। अब इसमें प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक पकाएं और फिर गाजर, मटर और टमाटर डालकर 2-3 मिनट तक अच्छे से पका लें।

इसके बाद हल्दी और नमक डाल दें। अब इसमें भुना हुआ दलिया डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इसके बाद इसमें पानी डालकर उबाल आने दें। कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर 10 से 12 मिनट तक पकने दें। जब दलिया पूरी तरह सॉफ्ट हो जाए तो गैस को बंद कर दें।

आपका गरमागरम दलिया वेज उपमा बनकर तैयार है। अब ऊपर से नींबू का रस डालकर आप इसे परोस सकते हैं।

Also Read
चीनी के बजाए गुड़ की बनाएं चाय, फटने से बचाने के लिए अपनाएं ये तरीका