आलू में अंकुर निकलना और प्याज का मुलायम होकर खराब होना अक्सर इस समस्या से हर घर में लोग रूबरू होते रहते हैं। आलू-प्याज को गलत जगह, ज्यादा नमी, गर्मी या स्टोरेज की गलतियों की वजह से यह दिक्कत होती है। ऐसे में अगर आपको यह पता चल जाए कि आखिरकार आलू में क्यों निकल आते हैं अंकुर और प्याज क्यों हो जाते हैं मुलायम? तो आप स्टोर करने में जो गलतियां बार-बार जाने-अनजाने में कर रहे हैं उन्हें करना बंद कर देंगे। आइए जानें इसके बारे में।
आलू में क्यों निकल आते हैं अंकुर?
आलू जीवित कंद (Tuber) होता है। ऐसे में कई बार इनमें अंकुर निकलने लगते हैं। खासतौर पर गर्म जगह, रोशनी और लंबे समय तक पड़े रहने पर इसमें अंकुर आने की संभावना बढ़ सकती है।
रोशनी वाली जगह पर रखना
आलू को किचन काउंटर या ऐसी जगह रखने से बचें, जहां लगातार रोशनी पड़ती हो। रोशनी से आलू हरा भी पड़ सकता है और उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इसे अंधेरी और हवादार जगह पर रखना बेहतर है।
ज्यादा गर्मी
बहुत गर्म जगह पर आलू जल्दी अंकुरित हो सकता है या उसकी बनावट बदलने लगती है। इसलिए इसे गैस स्टोव, धूप वाली खिड़की या गर्म उपकरणों के पास न रखें।
प्लास्टिक की बंद थैली में छोड़ देना
बाजार से आलू लाने के बाद उन्हें लंबे समय तक प्लास्टिक बैग या थैली में रखा छोड़ देते हैं। इससे हवा का आवागमन कम हो सकता है। साथ ही नमी जमा होने पर सड़न का खतरा बढ़ सकता है। इन्हें टोकरी, जालीदार बैग या हवादार कंटेनर में रखना चाहिए।
प्याज मुलायम क्यों हो जाते हैं?
प्याज में नमी पहुंचने या हवा का सही आवागमन न होने पर वे धीरे-धीरे मुलायम पड़ सकते हैं। कई बार एक खराब प्याज के साथ रखे दूसरे प्याज भी जल्दी खराब होने लगते हैं।
नमी वाली जगह पर रखना
प्याज को सिंक के पास, गीली टोकरी में या ऐसी जगह न रखें जहां नमी ज्यादा हो। खरीदकर लाने के बाद अगर प्याज गीले हों, तो पहले उन्हें अच्छी तरह सूखने दें।
बंद डिब्बे में भरकर रखना
एयरटाइट कंटेनर या बंद प्लास्टिक बैग में प्याज रखने से नमी फंस सकती है। प्याज के लिए सूखी और हवादार जगह बेहतर रहती है।
खराब प्याज को बाकी के साथ छोड़ देना
अगर कोई प्याज बहुत मुलायम, सड़ा हुआ या खराब नजर आ रहा है, तो उसे तुरंत अलग कर दें। समय-समय पर प्याज की जांच करना भी जरूरी है।
आलू और प्याज को लंबे समय तक ठीक रखने के लिए ये गलतियां न करें
दोनों को एक ही बंद प्लास्टिक बैग में न रखें।
गीले या नम आलू-प्याज को तुरंत स्टोर न करें।
खराब, कटे या बहुत मुलायम टुकड़ों को बाकी के साथ न छोड़ें।
इन्हें धूप, ज्यादा गर्मी और नमी वाली जगह से दूर रखें।
स्टोरेज के लिए सूखी, ठंडी और हवादार जगह चुनें।
समय-समय पर छांटकर खराब होने वाली सब्जियों को अलग करते रहें।
आलू हरा पड़ गया हो या उसमें बहुत ज्यादा अंकुर निकल आए हों, तो उसे खाने से बचना बेहतर है।
