आज के समय में अधिकतर लोग अपने घरों में छोटे-छोटे किचन गार्डन लगा रहे हैं, जहां वे हरी-भरी सब्जियां उगा रहे हैं। घर में उगाई गई सब्जियां ताजी तो होती ही हैं, साथ ही इनमें किसी भी तरह के केमिकल वाले खाद और कीटनाशकों का उपयोग नहीं किया जाता है।
वहीं, कई बार लोग किचन गार्डन के लिए खाद बाजार से खरीदकर लाते हैं, लेकिन आप चाहें तो हर रोज़ रसोई से निकलने वाले आलू के छिलकों से ही अपने किचन गार्डन के लिए बेहतरीन देसी खाद आसानी से तैयार कर सकते हैं। यह खाद पौधों को जरूरी पोषक तत्व देती है, जिससे वे हरे-भरे रहते हैं और उनमें फल-फूल भी अच्छी मात्रा में आने लगते हैं।
आलू के छिलके से कैसे बनाएं देसी खाद?
आलू के छिलके से देसी खाद बनाने के लिए सबसे पहले इन्हें अच्छी तरह धो लें। अब इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद आप एक मिट्टी या प्लास्टिक की बाल्टी लें और उसमें ये छिलके डाल दें। ऊपर से थोड़ी-सी गार्डन की मिट्टी और सूखे पत्ते या किचन वेस्ट मिला दें।
अब इस मिश्रण में हल्का पानी डालें। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि बाल्टी में पानी अधिक न हो। इसके बाद बाल्टी को ढककर किसी छायादार जगह पर रख दें। इस मिश्रण को हर 3-4 दिन में किसी लकड़ी की सहायता से हिलाते रहें। इस तरह यह मिश्रण करीब दो सप्ताह में देसी खाद में बदल जाएगा।
पौधों में कैसे करें उपयोग?
मिश्रण से देसी खाद बनने के बाद आप इसे पौधों में डाल सकते हैं। इसे पौधों की जड़ों के पास मिट्टी में मिला दें। आप इसका उपयोग सप्ताह में एक बार कर सकते हैं। इससे पौधों की पत्तियां हरी-भरी और चमकदार बनी रहती हैं। आप इस खाद को टमाटर, मिर्च, धनिया, पालक और फूलों वाले पौधों में भी डाल सकते हैं।
